Live VNS

राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के मामले में आठ साल से फरार तीन महिलाएं गिरफ्तार

राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट के मामले में आठ साल से फरार तीन महिलाएं गिरफ्तार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

राजगढ़, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बोड़ा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले आठ साल से फरार चल रही तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रही थीं। पुलिस ने उन्हें ग्राम कड़ियासांसी से हिरासत में लेकर आगे की न्यायिक कार्रवाई के लिए जबलपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।

थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत ने बुधवार को बताया कि विशेष न्यायालय एनडीपीएस जबलपुर में प्रकरण क्रमांक 07/2018 और 08/2018 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अंजलि पुत्री पप्पू सांसी, पुष्पा पत्नी दीपक सांसी और सोनम पत्नी लक्ष्मण सांसी, निवासी कड़ियासांसी के खिलाफ मामले विचाराधीन हैं। तीनों महिलाएं लंबे समय से फरार थीं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन वे अपने रहने के ठिकाने बदलती रहती थीं।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे और एसडीओपी नरसिंहगढ़ प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम कड़ियासांसी में दबिश देकर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत, एएसआई आरपी मिश्रा, एएसआई मधुसूदन शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…