संत टेरेसा स्कूल में कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। संत टेरेसा स्कूल में बुधवार को कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
भूत से सीखो, वर्तमान में जियो, लेकिन नजर भविष्य पर रखो की थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में सभी विभागों ने अपने-अपने विषयों को बेहद आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रदर्शनी में भाषा को मानव विकास का प्रस्थान बिंदु मानते हुए इसके क्रमिक विकास को रोचक तरीके से दिखाया गया। इसके साथ ही इतिहास, भूगोल, रसायन, भौतिकी और गणित विभाग के छात्रों ने व्यावहारिक मॉडलों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर दर्शक दंग रह गए। कृत्रिम बुद्धिमत्ता खंड ने भविष्य की तकनीक का चमत्कारिक दृश्य पेश किया।
वाणिज्य विभाग ने वैश्विक व्यापार और 'स्पेस कॉमर्स' की आधुनिक जानकारी दी, वहीं 90 के दशक से लेकर भविष्य के कंप्यूटरों का प्रदर्शन भी खास रहा। परिसर के बीचों-बीच बना 'भारत के क्रमिक विकास का विशाल वृक्ष' और इसके सामने भूत, वर्तमान और भविष्य को दर्शाता जीवंत पंडाल लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके पूर्व प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने इसकी भव्यता और उपयोगिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूक बच्चे ही देश के भविष्य को उज्ज्वल बनाएंगे।
कैबिनेट मीटिंग में जाने की व्यस्तता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इतने शानदार कार्यक्रम को बीच में छोड़कर जाने की इच्छा नहीं हो रही, लेकिन कर्तव्य पथ इसकी इजाजत नहीं देता। इस अवसर पर भागलपुर की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व उपमहापौर डॉ. प्रीति शेखर और विद्यालय की अध्यक्ष सिस्टर स्कोलेस्टिका भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इससे पूर्व, प्राचार्या सिस्टर टेरेस, अध्यक्ष सिस्टर स्कोलेस्टिका और वरिष्ठ पदाधिकारियों की अगुवाई में स्कूल बैंड के भव्य जुलूस के साथ अतिथियों को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। सामूहिक वंदना गीत, स्वागत गान और नन्हे बच्चों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्रों और उनके अभिभावकों को भी पुरस्कृत किया गया। अंत में नृत्य, संगीत और भाषण जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद प्राचार्या सिस्टर टेरेस के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह संपन्न हुआ।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सह राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रशिक्षक नील कमल राय ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में वाइस प्रिंसिपल सिस्टर अमला, सिस्टर ऊषा, सिस्टर जॉन्सी, सर सेबेस्टियन, सर साइजु, राजेश, मैडम अचला, मैडम शिप्रा सहित सभी टीचिंग, नॉन-टीचिंग और सपोर्ट स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर