अरुण गोविल ने शेयर किया 'राम' का किरदार निभाने के बाद का अनुभव

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
मुंबई, 16 नवंबर (हि.स.)। अभिनेता अरुण गोविल इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में राजा दशरथ की भूमिका को लेकर चर्चा में हैं। इससे पहले रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में श्रीराम का किरदार निभाकर उन्होंने घर-घर में पहचान बनाई थी।
इस भूमिका का उनके जीवन और करियर पर इतना गहरा प्रभाव पड़ा कि दर्शक उन्हें वास्तविक जीवन में भी भगवान राम के रूप में देखने लगे। अरुण गोविल ने हाल ही में एक बातचीत में बताया कि श्रीराम की मजबूत छवि के कारण उन्हें लंबे समय तक दूसरे तरह के किरदार नहीं मिल पाए।
दिए इंटरव्यू में अभिनेता ने बताया कि उनकी छवि इतनी प्रभावशाली हो गई थी कि निर्माता और निर्देशक भी सोच में पड़ जाते थे कि उन्हें किस तरह की भूमिका दी जाए। इस वजह से उनका करियर कुछ समय तक एक सीमित दायरे में रहा। हालांकि, अरुण इसे अपने लिए नुकसान नहीं मानते। उनका कहना है कि अगर उस दौर में उन्होंने कई फिल्में और धारावाहिक किए होते, तब भी उन्हें उतना प्यार और सम्मान नहीं मिलता, जितना श्रीराम की भूमिका से मिला। उनके अनुसार, इस किरदार ने उन्हें जो पहचान दी, वह बेमिसाल है।
अरुण ने बताया कि 1987 से लेकर आज तक कई घरों में उनकी तस्वीर को भगवान राम के रूप में पूजा जाता है। आज भी लोग उन्हें देखते ही सम्मान देते हैं। युवा पीढ़ी के लोग उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं और कई जगहों पर उनके पहुंचने पर लोग सम्मान में खड़े हो जाते हैं। अभिनेता का मानना है कि उनके जीवन में श्रीराम के किरदार से जो सम्मान और अपनापन मिला है, उसकी तुलना किसी दूसरी उपलब्धि से नहीं की जा सकती।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे