Live VNS

अरुणाचल के होलोंगी में अमित शाह ने एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के स्थायी मुख्यालय का किया उद्घाटन

अरुणाचल के होलोंगी में अमित शाह ने एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के स्थायी मुख्यालय का किया उद्घाटन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ईटानगर, 22 नवंबर(हि. स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान रविवार को अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे जिले के होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 12वीं बटालियन के नवनिर्मित स्थायी मुख्यालय भवन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस आधुनिक मुख्यालय के शुरू होने से पूर्वोत्तर क्षेत्र में आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूती मिलेगी। भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील पूर्वोत्तर क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस परिसर का निर्माण विशेष तकनीकी मानकों के अनुरूप किया गया है।

उद्घाटन समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने बताया कि इस मुख्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा होने में आठ वर्ष लगे। इसकी आधारशिला भाजपा सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रखी थी। अब इसके पूर्ण होने के बाद एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन को स्थायी और आधुनिक आधारभूत ढांचा उपलब्ध हो गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। ऐसे में यहां आपदा प्रबंधन से जुड़ी संस्थाओं का मजबूत बुनियादी ढांचा होना आवश्यक है। होलोंगी में एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन का स्थायी मुख्यालय बनने से न केवल अरुणाचल प्रदेश, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सहायता मिल सकेगी। एनडीआरएफ के जवान पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में लोगों की सेवा कर रहे हैं और विभिन्न आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

होलोंगी स्थित एनडीआरएफ मुख्यालय का निर्माण पूर्वोत्तर की भौगोलिक और प्राकृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया गया है। भूकंप की आशंका वाले इस क्षेत्र में सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की आवश्यकताओं के अनुरूप भवन का निर्माण किया गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर जवानों के प्रशिक्षण, शारीरिक क्षमता विकास और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए उपयोगी होगा।

मुख्यालय परिसर में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की गई हैं। इनमें ओलंपिक आकार का स्विमिंग पूल, प्रशिक्षण मैदान, खेल मैदान और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए टाइप-III आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। इन सुविधाओं से एनडीआरएफ कर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवासीय व्यवस्था उपलब्ध होगी।

अमित शाह ने विशेष रूप से ओलंपिक आकार के स्विमिंग पूल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सुविधा केवल एनडीआरएफ जवानों तक सीमित नहीं रहेगी। ओलंपिक और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को भी इस पूल में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह स्विमिंग पूल पूर्वोत्तर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने में मददगार साबित होगा।

अपने संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और बेहतर तैयारियों पर विशेष ध्यान दे रही है। आपदाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए समय से पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ और देश की अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और बेहतर समन्वय के साथ काम कर रही हैं। इनका उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में कम से कम समय में प्रभावित लोगों तक पहुंचना और उन्हें सुरक्षित निकालना है।

उन्हाेंने कहा कि भारत की आपदा प्रतिक्रिया टीमें न केवल देश के विभिन्न हिस्सों में राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दे रही हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर दूसरे देशों की भी सहायता कर रही हैं। इससे आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत की क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी भूमिका मजबूत हो रही है।

इससे पहले एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन का मुख्यालय अरुणाचल प्रदेश के दोईमुख स्थित एमची में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा था। होलोंगी में स्थायी मुख्यालय भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इसे नए परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया है। नए मुख्यालय से बटालियन को प्रशासनिक, प्रशिक्षण और परिचालन संबंधी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही पूर्वोत्तर के विभिन्न क्षेत्रों में आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव दलों की तैनाती और समन्वय को भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

अरुणाचल प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, पहाड़ी क्षेत्र, भूकंप की आशंका और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों को देखते हुए इस मुख्यालय का रणनीतिक महत्व भी है। स्थायी परिसर के माध्यम से एनडीआरएफ की तैयारियों और क्षेत्रीय प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूत करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, उपमुख्यमंत्री चौना मीन, सांसद तापिर गाओ और ताई तागाक, राज्य के गृह मंत्री मामा नातुंग, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी उपस्थित रहे।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…