Live VNS

एशिया में तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना भारत, मोदी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता : सुरेश कश्यप

एशिया में तीसरी सबसे बड़ी ताकत बना भारत, मोदी दूसरे सबसे प्रभावशाली नेता : सुरेश कश्यप

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। एशिया में भारत की बढ़ती आर्थिक, सैन्य और कूटनीतिक ताकत को लेकर भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स-2026 रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत एशिया में तीसरी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में अपनी स्थिति बनाए हुए है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता बने हैं।

कश्यप ने मंगलवार को कहा कि एशिया पावर इंडेक्स में अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले, चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे और भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत ने जापान, रूस और ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ा है, जबकि पाकिस्तान 16वें स्थान पर है। उनके अनुसार अमेरिका और चीन के बाद भारत इस सूचकांक में प्रमुख शक्ति की श्रेणी में शामिल एकमात्र देश है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में इस सूचकांक की शुरुआत के समय भारत चौथे स्थान पर था। वर्ष 2024 में उसने जापान को पीछे छोड़कर तीसरा स्थान हासिल किया। वर्ष 2025 में भारत ने 40 अंक पार कर प्रमुख शक्ति की श्रेणी में जगह बनाई। वर्ष 2026 में 40.5 अंक के साथ इस स्थिति को बरकरार रखा है। भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर भी वर्ष 2018 के बाद सबसे कम हुआ है।

कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की क्षेत्रीय नेतृत्व रैंकिंग में भी सुधार हुआ है। वर्ष 2025 में पांचवें स्थान पर रहे मोदी इस वर्ष दूसरे स्थान पर पहुंचे हैं। उनसे आगे केवल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग हैं। भारत का कूटनीतिक प्रभाव स्कोर 70.3 अंक रहा है। रक्षा साझेदारी और आर्थिक संबंधों की रैंकिंग में भी भारत ने दो-दो स्थानों की बढ़त हासिल की है। सांस्कृतिक प्रभाव के क्षेत्र में भारत को 43.8 अंक मिले हैं।

उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलें देश की आर्थिक और सामरिक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं। दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात से भी भारत की रक्षा साझेदारी मजबूत हुई है।

कश्यप के अनुसार लोवी इंस्टीट्यूट ने 27 देशों और क्षेत्रों का 131 मानदंडों पर आकलन किया है। इनमें आर्थिक और सैन्य क्षमता, कूटनीतिक प्रभाव, रक्षा साझेदारी, सांस्कृतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधन शामिल हैं। रिपोर्ट में भारत की भविष्य की आर्थिक संभावनाओं को मजबूत बताया गया है, हालांकि वर्तमान सापेक्ष आर्थिक क्षमता में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के साथ आर्थिक, सामरिक और तकनीकी क्षेत्रों में देश की प्रगति जारी है। भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय भूमिका प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का विषय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…