Live VNS

(अपडेट) जनता ने हरा दिया, अब हॉर्स ट्रेडिंग और पुलिस के दम पर प्रधान बनाने की कोशिश: गहलोत

(अपडेट) जनता ने हरा दिया, अब हॉर्स ट्रेडिंग और पुलिस के दम पर प्रधान बनाने की कोशिश: गहलोत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। पंचायत चुनावों के बाद प्रधान पद को लेकर चल रहे सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार पर तीखा हमला बोला है। जोधपुर रवाना होने से पहले अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में गहलोत ने आरोप लगाया कि जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश दे दिया है, लेकिन इसके बावजूद सरकार जनादेश को स्वीकार करने के बजाय जोड़-तोड़, हॉर्स ट्रेडिंग, पुलिस के दबाव और धमकियों की राजनीति पर उतर आई है।

गहलोत ने कहा कि पंचायत चुनाव में जनता ने भाजपा को बुरी तरह हराया है। इसके बावजूद कई जगह बहुमत नहीं होने के बाद भी भाजपा प्रधान बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि एक पंचायत समिति में भाजपा के पास केवल एक सदस्य है, जबकि कांग्रेस और निर्दलीय मिलाकर 18 सदस्य हैं और कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है। इसके बावजूद भाजपा अपना प्रधान बनाने का प्रयास कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधान पद के उम्मीदवारों पर दबाव बनाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कहीं प्रत्याशियों के घर पुलिस पहुंच रही है, कहीं मकान तोड़ने और होटल बंद कराने की धमकियां दी जा रही हैं। गहलोत ने यह भी आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस के सभी उम्मीदवार एक जगह एकत्र हैं, वहां एक थानेदार तीन बार जाकर धमकी दे चुका है।

गहलोत ने चुनाव से पहले कराए गए विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने टोंक जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान लगाई गई लाइटें अब अधिकारियों की ओर से अवैध बताकर हटाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये लाइटें अवैध थीं तो चुनाव से पहले लगाई ही क्यों गईं? गहलोत ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए लाइटें लगाई गईं और जब जनता ने चुनाव में सरकार के खिलाफ फैसला दिया तो अब उन्हें हटाने के लिए अवैध होने का तर्क दिया जा रहा है।

गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अपने जिले में कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश मिला है, लेकिन वहां भी हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिशें हो रही हैं। गहलोत ने आरोप लगाया कि दो लोगों को उठाकर ले जाया गया, ताकि मुख्यमंत्री के अपने जिले में हार की खबर सामने न आए।

उन्होंने कहा कि यदि जनता ने किसी दल को स्पष्ट बहुमत दिया है तो लोकतंत्र में उस फैसले का सम्मान होना चाहिए। हार के बाद जोड़-तोड़ करने के बजाय सरकार को आत्मचिंतन करना चाहिए कि आखिर जनता ने उसे क्यों नकारा।

गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सलाह देते हुए कहा कि जनता के फैसले को नम्रता से स्वीकार करें और सरकार की कमियों पर आत्मचिंतन करें।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार अच्छे काम करके दिखाती है और सुशासन देती है तो जनता का गुस्सा कम हो सकता है, लेकिन चुनाव हारने के बाद भी यदि जोड़-तोड़ जारी रही तो जनता आने वाले चुनाव में इससे भी बड़ा सबक सिखा सकती है।

उन्होंने कहा कि सीएम भजनलाल की सरकार ने हद कर दी है। ऐसा राजस्थान के इतिहास में कभी नहीं हुआ। हर जगह गुंडागर्दी हो रही है। जनता ने बुरी तरह हरवा दिया, इसके बावजूद भी सरकार जनादेश स्वीकार करने के बजाय हॉर्स ट्रेडिंग और दबाव की राजनीति कर रही है।

गहलोत ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में चुनाव हारने के बाद सरकार को अपनी गलतियों से सीखना चाहिए और जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उनके अनुसार जनता ने इस बार स्पष्ट संदेश दिया है और इस संदेश को नजरअंदाज करना सरकार के लिए राजनीतिक रूप से भारी पड़ सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने नगर निगम और नगर पालिका चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले परिसीमन और पुलिस के कथित दबाव के जरिए चुनाव जीतने वालों को जनता ने इस बार पंचायत चुनावों में जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने स्पष्ट और निर्णायक जनादेश दिया है, इसलिए अब सत्ता पक्ष को उसी जनादेश के अनुरूप आगे बढ़ना चाहिए।

गहलोत ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि यदि चुनाव से पहले लगाए गए विकास कार्य अवैध थे तो उन्हें लगाया क्यों गया? जनादेश के बाद प्रधान पद के उम्मीदवारों और निर्वाचित सदस्यों के घर पुलिस क्यों पहुंच रही है और क्या सरकार हॉर्स ट्रेडिंग तथा दबाव की राजनीति को रोककर जनता के फैसले का सम्मान करेगी? उन्होंने कहा कि जनता ने संदेश दे दिया है। अब इस संदेश को स्वीकार करना सरकार की जिम्मेदारी है। अगर हार के बाद भी तीन-पांच किया गया तो जनता ऐसा सबक सिखाएगी, जिसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने वसुंधरा राजे सरकार और मौजूदा बीजेपी सरकार की तुलना करते हुए कहा कि उनके वसुंधरा राजे से बहुत मतभेद रहे थे। हमारी तो पहले कार्यकाल में पांच साल तक बोलचाल ही नहीं रही थी, लेकिन उनके काम करने के तरीके और इनके (भजनलाल शर्मा) तरीके में दिन-रात का फर्क है। वे केंद्रीय मंत्री भी रही थीं। उन्होंने उन अनुभवों का यहां पर लाभ लिया। गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे ने दबंगता से सरकार चलाई, ब्यूरोक्रेसी को कंट्रोल में रखा बल्कि ज्यादा ही कंट्रोल में रखा। कई ब्यूरोक्रेट तो उनकी मीटिंग्स में बीमार पड़ जाते थे, ऐसे भी किस्से हुए हैं। उन्होंने अपने तरीके से राज किया और जमकर किया। उन्होंने हमारे खिलाफ कैंपेन भी किए, चुनाव जीते भी और सरकार भी चलाई।

उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में बीजेपी की बुरी तरह हार का कारण है कि लोग हमारी पिछली सरकार की स्कीम को ज्यादा याद करने लग गए।

गहलोत ने कहा कि वे हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। गवर्नर और मुख्यमंत्री का हमेशा सम्मान करना चाहिए, यह हमने सीखा है।

गहलोत ने कहा कि सरकार नाम की चीज नहीं है, यह ब्यूरोक्रेसी कह रही है। ब्यूरोक्रेसी से ज्यादा उनकी पार्टी के लोग कह रहे हैं। जनता कह रही है कि हमारी सुनवाई नहीं हो रही है। हमारे काम नहीं हो रहे, गवर्नेंस नाम की चीज नहीं है। भजनलाल को एक मौका मिला उनको सोच समझकर आगे बढ़ना चाहिए था।

गहलोत ने कहा कि बीजेपी वाले खुद बोलने लग गए कि हमारी नहीं चलती, हमारे खुद के काम नहीं हो रहे। लोग कहने लग गए कि बीजेपी के नेताओं के ही काम नहीं हो रहे तो हमारे क्या होंगे।

कई बीजेपी नेता कहने लग गए थे कि पिछली बार कांग्रेस की सरकार थी, हमारे काम ज्यादा होते थे। इन बातों से सरकार की पब्लिक में बदनामी हुई और जनता ने इनका सूपड़ा साफ कर दिया।

गहलोत ने कहा कि पंचायत चुनावों में बीजेपी की बुरी तरह हार का कारण है कि लोग हमारी पिछली सरकार की स्कीम को ज्यादा याद करने लग गए। ये सरकार नई योजनाएं लाई नहीं और हमारी जनकल्याणकारी योजनाओं को तहस-नहस कर दिया। लोगों में इस बात का बहुत गुस्सा है।

गहलोत ने कहा कि हम एकजुट होकर चुनाव लड़े। मैंने चुनाव से पहले ही कहा था कि हम एकजुट हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठकर बात कर सबको ऑर्गेनाइज किया, लगातार मीटिंग की उसका परिणाम है, जनता में मैसेज चला गया।

लोगों को लग गया कि बीजेपी वाले झूठे वादे कर रहे हैं,कोई काम नहीं कर रहे हैं। काम होते नहीं है करप्शन बढ़ गया, कोई सुनवाई होती नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…