Live VNS

असमः काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हुई, 23 की शिनाख्त, सीएम करेंगे घटनास्थल का दौरा

असमः काजीरंगा सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 26 हुई, 23 की शिनाख्त, सीएम करेंगे घटनास्थल का दौरा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

काजीरंगा (असम), 14 नवंबर (हि.स.)। काजीरंगा सड़क दुर्घटना के मृतकों की संख्या 26 हो गयी है। शनिवार सुबह इलाज के दौरान एक युवती की जोरहाट मेडिकल कालेज एंड अस्पताल (जेएमसीएच) में मौत हो गयी। जिसकी पहचान लक्ष्मी माझी के रूप में की गयी है।

हादसे में जान गंवाने वाले 26 लोगों में से 23 लोगों की शिनाख्त होने की जानकारी सामने आई है। मृतकों की पहचान दीपांजलि रंगफारपि, ज्योति माझी, अनुराग गोवाला, दामिनी घटोवाल, बेबी कर्मकार, दर्पना माझी, सुभाष दास, चालक अब्दुल मजिद, पूर्णिमा गोवाला, अब्दुल रसीद अली, फाइजुल इस्लाम, फरहाना यास्मिन, सुनिल भूमिज, हाइजुल इस्लाम, रंजिता घटोवाल, मुहम्मद रफिक, गंगा गोवाला, मुहम्मद अली, फारूक अहमद, गोलापी बेगम, मीना मिराज, दीपक गुरुंग के अलावा जेएमसीएच में आज सुबह लक्ष्मी माझी के रूप में हुई है।

असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

हादसे में 23 लोगों की मौत घटनास्थल एवं गोलाघाट जिला के कहरा अस्पताल में शुक्रवार को हुई थी। जबकि, जेएमसीएच में बीती रात तक दो एवं आज सुबह एक युवती की मौत हुई।

बताया गया है कि जेएमसीएच में सात गंभीर रूप से घायलों का आईसीयू में इलाज चल रहा था। जेएमसीएच में कुल कितने घायलों का इलाज चल रहा है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार लगभग 20 घायलों को जेएमसीएच में भर्ती कराया गया था।

आज सुबह मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा गोलाघाट के रंगाजान स्थित घटनास्थल का दौरा करने के लिए पहुंचने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के उन्नत इलाज के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।

लगभग 23 मृतकों का शव गोलाघाट जिला चिकित्सालय में रखा गया है। जिनका आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। बताया गया है कि पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी से भी डॉक्टरों की टीम गोलाघाट पहुंची है। इस भयावह घटना के चलते पूरे राज्य में भारी शोक व्याप्त है।

विभिन्न राजनीतिक दल एवं संगठन राष्ट्रीय राजमार्ग प्रशासन पर सड़क की मरम्मत पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग जगह-जगह टोल की वसूली कर रहा है लेकिन सड़क की मरम्मत को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…