Live VNS

विधानसभा चुनाव-2027 : कमजोर पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी से रहेंगे मुक्त, शस्त्र लाइसेंस धारकों और अपराधियों का होगा सत्यापन, यक्ष एप भी किया जाएगा अपडेट

विधानसभा चुनाव-2027 : कमजोर पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी से रहेंगे मुक्त, शस्त्र लाइसेंस धारकों और अपराधियों का होगा सत्यापन, यक्ष एप भी किया जाएगा अपडेट

Live VNS Desk ·

एडीजी नवीन अरोरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की चुनावी तैयारियों की समीक्षा, मतदान केंद्रों की सुरक्षा

दंगा नियंत्रण उपकरणों और अर्धसैनिक बलों के ठहरने की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश

वाराणसी। विधानसभा निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त संपन्न कराने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोन के नौ जिलों की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की उपलब्धता, असलहों की स्थिति, दंगा नियंत्रण उपकरणों और संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। साथ ही शारीरिक रूप से कमजोर पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने को कहा।

शस्त्र लाइसेंस धारकों का होगा सत्यापन

एडीजी ने पुलिस लाइन और थानों में उपलब्ध एके-47, एसएलआर, इंसास, कार्बाइन, पिस्टल और रिवाल्वर समेत सभी शस्त्रों का निर्धारित सूची से मिलान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शस्त्रों की सफाई, ऑयलिंग और मरम्मत समय से कराने को कहा। शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा। इसके अलावा थानों और पुलिस लाइनों में उपलब्ध एंटी राइट उपकरणों की जांच कर उन्हें श्रेणीवार व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

मतदान केंद्रों की सुरक्षा की तैयारी करें

एडीजी ने नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। अपराधियों का सत्यापन करने के साथ ही यक्ष एप को अपडेट रखने पर भी जोर दिया, ताकि चुनाव के दौरान पुलिस को आवश्यक सूचनाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।

अर्धसैनिक बलों के ठहरने और आवागमन का बनेगा रूट चार्ट

चुनाव में तैनात होने वाले अर्धसैनिक बलों के ठहरने, भोजन और आवागमन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके लिए रूट चार्ट तैयार करने और आवश्यक सुविधाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि चुनाव के दौरान जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त पुलिस बल की उपलब्धता का भी आकलन किया जाए।

कमजोर पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी से रहेंगे मुक्त

समीक्षा बैठक में पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता का आकलन कर कमजोर और अस्वस्थ पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए। एडीजी ने सभी जिलों के अधिकारियों से कहा कि चुनाव संबंधी तैयारियों में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए फ्लैग मार्च, अपराधियों के सत्यापन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए।

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…