बाबा श्याम की भव्य शोभायात्रा में उमड़े अस्थावान, 1100 से अधिक श्रद्धालुओं ने उठाए निशान, विशाल अखंड ज्योत और मुख्य निशान रहे आकर्षण का केंद्र

वाराणसी। देवउठनी एकादशी पर धर्मनगरी काशी बाबा श्याम की भक्ति में सराबोर नजर आई। इस अवसर पर बाबा श्याम के प्रकाश उत्सव के तहत भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। इसमें 1100 से अधिक श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान (ध्वजा) लेकर बाबा के जयकारे लगाए। शोभायात्रा में सबसे आगे बाबा की विशाल अखंड ज्योत और मुख्य विशाल निशान चल रहा था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज ने उत्सव की भव्यता बढ़ा दी। भक्ति गीतों पर झूमते हुए श्रद्धालु लगातार बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरा मार्ग श्याममय हो गया और जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
बुलानाला से लक्सा मंदिर तक निकली शोभायात्रा
भव्य निशान शोभायात्रा अपने निर्धारित स्थान से शुरू होकर बुलानाला, चौक, बांसफाटक, गोदौलिया और गिरजाघर चौराहा होते हुए लक्सा स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंची। रास्ते भर बाबा के भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से बाबा के चरणों में निशान अर्पित किए। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
बाबा की भक्ति में सराबोर रही काशी
देवउठनी एकादशी पर आयोजित इस भव्य प्रकाश उत्सव ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की सुंदर झलक प्रस्तुत की। बाबा श्याम के दर्शन और निशान अर्पित करने के लिए भक्तों में खास उत्साह रहा। विशाल अखंड ज्योत, सैकड़ों ध्वज और भक्तिमय माहौल के बीच पूरी काशी श्याम भक्ति के रंग में रंगी नजर आई।