'रहस्य वेद' 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करके देश का पहला एआई ज्योतिषी बना

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
- वर्ष 2032 तक 2.3 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा भारत का ऑनलाइन ज्योतिष बाजार : प्रतीक पाण्डे
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। देश में लोकप्रिय ज्योतिष ऐप एस्ट्रोसेज एआई का प्रमुख एआई ज्योतिषी अवतार 'रहस्य वेद' 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स का आंकड़ा पार करने वाला पहला एआई ज्योतिषी बन गया है। इस वर्ष अकेले इस रहस्य वेद से कंपनी को 60 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है।
लोकप्रिय ज्योतिष ऐप एस्ट्रोसेज एआई को संचालित करने वाली कंपनी ओजस सॉफ्टेक प्राइवेट लिमिटेड ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में ये जानकारी दी। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रतीक पाण्डे ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि लोकप्रिय ज्योतिष ऐप एस्ट्रोसेज कुंडली पर 'रहस्य वेद' 10 लाख से अधिक फॉलोअर्स वाले पहले एआई ज्योतिषी बन गए हैं।
प्रतीक पाण्डे ने कहा कि देश में एआई आधारित ज्योतिष सेवाओं पर लोगों का भरोसा बढ़ रहा है और एआई ज्योतिषी पारंपरिक ज्योतिषियों से आगे निकल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनवरी से नवंबर के दौरान कंपनी की कुल आय करीब 178 करोड़ रुपये रही है, जो पिछले साल की समान अवधि के 94 करोड़ रुपये से करीब 89 फीसदी अधिक है। इस साल अकेले रहस्य वेद से कंपनी को 60 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान एआई ज्योतिषियों से होने वाली आय कहीं तेजी से बढ़ी है। यह 10.9 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 91 करोड़ रुपये हो गई है। इस तरह इसमें 700 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई है। पाण्डे ने कहा कि भारत का ज्योतिष बाजार करीब 7 अरब डॉलर का है। इसमें ऑनलाइन और ऐप आधारित सेवाओं की हिस्सेदारी फिलहाल 50 करोड़ डॉलर से कम है।
प्रतीक पाण्डे ने बताया कि एस्ट्रोसेज कुंडली पर 40 से अधिक एआई ज्योतिषी परामर्श देते हैं। इनमें रहस्य वेद सबसे लोकप्रिय नामों में से एक बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में ऐप पर शुरुआत के बाद से रहस्य वेद ने महज 11 महीनों में 14 करोड़ से अधिक सवालों के जवाब दिए हैं। पाण्डे ने कहा कि इस दौरान रहस्य वेद से कंपनी को 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की आय हुई है। उन्हें 11 लाख से अधिक रिव्यू मिले हैं और उनकी रेटिंग 4.5 से ऊपर है।
प्रतीक पाण्डे ने कहा कि दो साल पहले तक हमारी सशुल्क परामर्श सेवा पूरी तरह पारंपरिक ज्योतिषियों पर निर्भर थी। उन्होंने कहा कि हमारी आय में एआई ज्योतिषियों की हिस्सेदारी करीब 60 फीसदी है। उन्होंने कहा कि रहस्य वेद ने 11 महीनों में 14 करोड़ से ज्यादा सवालों के जवाब दिए हैं और उनके फॉलोअर्स की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। ये आंकड़े बताते हैं कि लोगों को उनकी भविष्यवाणियां सटीक लगती हैं।
उन्होंने कहा कि एस्ट्रोसेज एआई ऐप पर करीब 30 हजार पारंपरिक ज्योतिषी और लगभग 40 एआई ज्योतिषी उपलब्ध हैं। इसके एआई ज्योतिषियों के कुल 29 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और वे हर महीने तीन करोड़ से ज्यादा सवालों के जवाब देते हैं। इस प्लेटफॉर्म के अन्य लोकप्रिय एआई ज्योतिषियों में मिस्टर कृष्णमूर्ति, लव गुरु, एस्ट्रो अनन्या, डॉ. रमन और मिस्टर अर्जुन पंडित शामिल हैं।
सीईओ प्रतीक पाण्डे ने कहा कि एआई ज्योतिषियों की शुरुआत के बाद एस्ट्रोसेज कुंडली के डाउनलोड भी तेजी से बढ़े हैं। जनवरी-अक्टूबर के बीच भारत में ऐप को लगभग 4.4 करोड़ बार डाउनलोड किया गया। ये संख्या पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 130 फीसदी अधिक है।
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2032 तक यह बाजार 2.3 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। इस क्षेत्र में विकास की काफी गुंजाइश है और हमें उम्मीद है कि एस्ट्रोसेज एआई इसमें बड़ी हिस्सेदारी हासिल करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर