Live VNS

वाहनों की पासिंग काे लेकर ऑटो-टैक्सी चालक परेशान, एटीएस व्यवस्था के खिलाफ खोला मोर्चा

वाहनों की पासिंग काे लेकर ऑटो-टैक्सी चालक परेशान, एटीएस व्यवस्था के खिलाफ खोला मोर्चा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मंडी, 25 नवंबर (हि.स.)। एटीसी की व्यवस्था के खिलाफ ऑटो और टैक्सी युनियनों ने मोर्चा खोल दिया है। करोड़ों के एटीएस केंद्र में फीस जमा करवाने तक की सुविधा नहीं हैं। फीस भी मनमाने तरीके से वसूली जा रही है। फोटोस्टेट तक के लिए भी वाहन चालक भटक रहे है। वाहनों की पासिंग के लिए मंडी जिले में लागू की गई ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) व्यवस्था अब ऑटो और टैक्सी ऑपरेटरों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। नई व्यवस्था के तहत वाहन पास करवाने के लिए चालकों को मंडी से करीब 50 किलोमीटर दूर कांगू-नावजोत क्षेत्र का रुख करना पड़ रहा है। इससे न केवल उनका पूरा दिन खर्च हो रहा है, बल्कि ईंधन और अन्य खर्चों का बोझ भी बढ़ गया है। इसी के विरोध में ऑटो रिक्शा और टैक्सी ऑपरेटरों ने सरकार से एटीएस व्यवस्था को रद्द कर मंडी में पहले की तरह मैनुअल पासिंग प्रक्रिया बहाल करने की मांग उठाई है।

ऑटो रिक्शा मंडी के प्रधान होशियार सिंह ने कहा कि मंडी में पिछले करीब 50 वर्षों से बीएमआई के माध्यम से मैनुअल पासिंग की व्यवस्था चल रही थी। स्थानीय स्तर पर वाहन पास होने से चालकों को ज्यादा परेशानी नहीं होती थी, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन्हें दूर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऑटो चालक सीमित आमदनी में अपने परिवारों का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में वाहन पास करवाने के लिए 50 किलोमीटर का सफर तय करना उनके लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन गया है। समय और ईंधन की बर्बादी से उनके रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।

होशियार सिंह ने एटीएस केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपए की लागत से तैयार केंद्र में फीस जमा करवाने जैसी बुनियादी सुविधा का भी उचित प्रबंध नहीं है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि ऑटो की पासिंग के दौरान फीस संबंधी काम के लिए उन्हें फोटोस्टेट की दुकान पर भेजा गया, जहां 38 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़े। ऑपरेटरों का कहना है कि जब सरकार ने आधुनिक व्यवस्था शुरू की है तो केंद्र में वाहन चालकों के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…