नूंह: फर्जी बैंक खातों और ऑनलाइन जुए के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नूंह, 17 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुन्हाना सदर थाना पुलिस और साइबर क्राइम नूंह की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन जुआ और साइबर ठगी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नीमखेड़ा गांव में जमालगढ़ मोड़ के पास दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 45 मोबाइल फोन, 139 एटीएम कार्ड, 20 बैंक पासबुक, 13 चेकबुक, 35 सिम कार्ड और चार लैपटॉप सहित बड़ी संख्या में क्यूआर कोड, आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुन्हाना सदर थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक नंद किशोर के नेतृत्व में पुलिस टीम साइबर अपराधियों की धरपकड़ के लिए जमालगढ़ मोड़ पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कुछ युवक नीमखेड़ा क्षेत्र में फर्जी बैंक खाते, चेकबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन उपलब्ध कराने के साथ-साथ ऑनलाइन जुए के माध्यम से ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने साइबर क्राइम नूंह की टीम के साथ मौके पर दबिश दी। वहां चार युवक मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए लैपटॉप के माध्यम से ऑनलाइन जुआ संचालित करते मिले। पुलिस ने मौके पर ही चारों को काबू कर लिया। उनकी पहचान साजिद निवासी अखनाका, थाना फिरोजपुर झिरका (नूंह), अफरोज निवासी कीडोरे, थाना पहाड़ी, जिला डीग (राजस्थान), फरहान निवासी नजीबपुर खेतासर, थाना टिकैत नगर, जिला बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) और जितेश कुमार बैरवा निवासी रानीवास, पोस्ट लाडोती का बास, तहसील नांगल राजावतान, जिला दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर मौके से अलग-अलग कंपनियों के 45 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के 139 एटीएम कार्ड, 20 बैंक खातों की पासबुक, 13 चेकबुक, 35 सिम कार्ड और चार लैपटॉप बरामद हुए। इसके अलावा बड़ी संख्या में क्यूआर कोड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं। बरामद बैंक पासबुक में बिहार ग्रामीण बैंक, जम्मू एंड कश्मीर बैंक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक, तेलंगाना ग्रामीण बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र सहित विभिन्न बैंकों की पासबुक शामिल हैं।
लोगों को लालच देकर खुलवाते थे बैंक खाते
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लोगों को बैंक खाता खुलवाने के बदले पैसों का लालच देते थे। इसके बाद उनके दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल ऑनलाइन साइबर ठगी और ऑनलाइन जुए से प्राप्त रकम के लेन-देन में किया जाता था। आरोपियों के कब्जे से मिले विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड इस नेटवर्क की कार्यप्रणाली की जांच में अहम कड़ी माने जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया