जांजगीर-चांपा में वन्यजीवों के अवैध शिकार की कोशिश नाकाम, जंगल में फंदा लगाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
जांजगीर-चांपा, 12 नवंबर (हि. स.)। जिले के बलौदा वन परिक्षेत्र के कटरा जंगल में वन्यजीवों के अवैध शिकार की कोशिश का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने जंगल में शिकार के उद्देश्य से तार और जाल के फंदे लगाने वाले दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपिताें को आज गुरुवार काे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को वन परिक्षेत्र बलौदा के अंतर्गत कटरा परिसर के आरक्षित वनखंड कक्ष क्रमांक आरएफ-52 में अवैध शिकार के लिए फंदे लगाए जाने की सूचना मिली थी। इस पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से दो आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मुनाराम (61 वर्ष) और शगुन सिंह (43 वर्ष), के रूप में हुई है। दोनों ग्राम कटरा, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा के निवासी हैं। आरोपिताें के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 50 और 51 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 1103/10 दर्ज किया गया है।
इसके अलावा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 और 64 के तहत भी आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों आरोपिताें को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अकलतरा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 12 नवंबर से 25 नवंबर तक 15 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया गया।
वन विभाग अब इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और जंगल में लगाए गए अतिरिक्त फंदों की जांच कर रहा है। कटरा और पंतोरा वन क्षेत्र वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और विचरण के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और वन्यजीवों के अवैध शिकार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी के निर्देशन, उपवनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा बलौदा वन परिक्षेत्र के अधिकारियों, वन अमले, सुरक्षा श्रमिकों और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से की गई।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT