Live VNS

ऑडी इंडिया वाहनों की कीमतों में दो फीसदी तक करेगा इजाफा, नई कीमतें एक जनवरी से होंगी लागू

ऑडी इंडिया वाहनों की कीमतों में दो फीसदी तक करेगा इजाफा, नई कीमतें एक जनवरी से होंगी लागू

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। जर्मन लग्जरी कार निर्माता ऑडी ने मंगलवार को भारत में अपने सभी मॉडलों की कीमतों में दो फीसदी तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई कीमतें एक जनवरी, 2027 से लागू होंगी।

ऑडी ने एक बयान में कहा कि वह बढ़ती इनपुट लागत की भरपाई के लिए भारत में अपने सभी मॉडलों की एक्स-शोरूम कीमतों में 2 फीसदी तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी ने कहा कि संशोधित कीमतें 1 जनवरी, 2027 से लागू होंगी।

जर्मनी की लग्जरी कार विनिर्माता ऑडी ने कहा कि यह ताजा बढ़ोतरी 2026 में ऑडी इंडिया का दूसरा मूल्य संशोधन है। वाहन विनिर्माता कंपनी ने इससे पहले इस साल एक अप्रैल से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में दो फीसदी तक की वृद्धि की थी। कंपनी ने कहा कि यह मूल्य संशोधन इसके सभी मॉडलों पर लागू होगा।

वहीं, ऑडी इंडिया के ब्रांड निदेशक बलबीर सिंह ढिल्लों ने कहा, ''कच्चे माल की बढ़ती हुई लागत के चलते हम कीमतों में दो फीसदी तक का संशोधन कर रहे हैं। हमारे कारोबार की दीर्घकालिक स्थिरता बनाए रखने के लिए यह समायोजन जरूरी है। हमने इस संशोधन को यथासंभव सीमित रखा है।''

ऑडी इंडिया के मौजूदा पोर्टफोलियो में कई लग्जरी कारें हैं, जिसमें सेडान और एसयूवी शामिल हैं। इनमें ए4 और ए6 एसयूवी, तथा क्यू3, क्यू5, क्यू7 और क्यू8 एसयूवी हैं। कंपनी की परफॉरमेंस-ओरिएंटेड (बेहतर प्रदर्शन वाली) गाड़ियों में एक्यू8 और आरएस क्यू8 भी हैं। कंपनी भारत में क्यू3 भी बेचती है। इसका लेटेस्ट जनरेशन अक्टूबर 2026 में लॉन्च किया गया था और इसे महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में स्थित वोक्सवैगन ग्रुप की फैसिलिटी में असेंबल किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…