साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 1.45 लाख रुपये

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
औरैया, 27 नवंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को औरैया पुलिस ने राहत दिलाते हुए ठगी गई 1 लाख 45 हजार 400 रुपये की धनराशि वापस करा दी। थाना साइबर क्राइम पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को उसकी रकम वापस मिल सकी। धनराशि प्राप्त होने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
साइबर की ओर से शुक्रवार काे जारी विज्ञप्ति में बताया कि जनपद में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम औरैया को साइबर ठगी के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। इस पर साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं वित्तीय संस्थानों से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद साइबर अपराध में ठगी गई धनराशि वापस कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित की 1,45,400 रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी गई। शुक्रवार को थाना साइबर क्राइम औरैया में पीड़ित को धनराशि वापस मिलने पर रिफंड की प्रक्रिया पूरी की गई। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने औरैया पुलिस एवं साइबर क्राइम टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
औरैया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन और पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। साथ ही ऑनलाइन निवेश और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार