Live VNS

औरैया : झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव, गले पर मिले फंदे के निशान

औरैया : झाड़ियों में मिला अज्ञात युवक का शव, गले पर मिले फंदे के निशान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

औरैया, 16 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र स्थित तुरुकपुर मार्ग पर नहर पटरी किनारे झाड़ियों में सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला। युवक के चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिले, जबकि गले पर फंदे के निशान भी दिखाई दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सवा दस बजे पुराने अछल्दा निवासी अनुज तिवारी के खेत के आगे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल-112 और अछल्दा थाना पुलिस को दी। मौके पर वह स्वयं उपनिरीक्षक विपिन पाल, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार और उपनिरीक्षक मेवालाल पुलिस बल के साथ पहुंचे। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान न हाेने पर पुलिस ने शव काे कब्जे में ले लिया।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। शव करीब 24 घंटे पुराना प्रतीत हो रहा है। युवक ने काली व कत्थई रंग की टी-शर्ट, काली जींस और ग्रे रंग के जूते पहन रखे थे। उसके सिर और कान से खून बहने के निशान मिले हैं। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया तो युवक के दाएं हाथ की कलाई पर धुंधला सा 'अंकित' या 'ऋषि' लिखा दिखाई दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए।

थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालकर युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…