रामलीला का फीता काटकर रंजना पाल ने किया शुभारंभ, भगवान श्रीराम की उतारी आरती

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
औरैया, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड सहार की ग्राम पंचायत पूर्वा मक्का में आयोजित रामलीला समारोह का शुभारंभ बीती देर रात शुक्रवार काे मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी (सपा) महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं महिला ड्रोन पायलट रंजना पाल ने किया। उन्होंने फीता काटकर तथा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की आरती उतारकर रामलीला समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान रंजना पाल ने भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी को सत्य, मर्यादा, त्याग, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में मर्यादा और कर्तव्य पालन का जो संदेश दिया, उसे आत्मसात कर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द भी बढ़ता है।
कार्यक्रम समापन पर रंजना पाल ने रामलीला समिति और ग्रामवासियों को भव्य आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर औघड़नाथ महाराज, शनि यादव, राहुल धनगर, पप्पू मस्ताना, शिवा पाल, सोनू यादव, शिवम यादव, रवि यादव, शोभित यादव, सुदेश यादव, पिंकू यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार