Live VNS

औरैया में 741 गांवों में हो रही नियमित जलापूर्ति, जल जीवन मिशन के कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

औरैया में 741 गांवों में हो रही नियमित जलापूर्ति, जल जीवन मिशन के कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

औरैया, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने बुधवार को समीक्षा की। कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आयोजित बैठक में निर्माण कार्यों की स्थिति, गुणवत्ता और निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कराने के साथ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत जिले के 725 राजस्व ग्रामों में 375 पाइप पेयजल योजनाओं पर काम कराया जा रहा है। इनमें 151 गांवों में 97 योजनाएं और 574 गांवों में 278 योजनाएं शामिल हैं। कुल 359 अवर जलाशयों के सापेक्ष 353 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि छह का निर्माण कार्य जारी है। निर्धारित 412 नलकूपों का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के 3555 किलोमीटर के लक्ष्य के सापेक्ष 3545 किलोमीटर कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में 298 पेयजल योजनाएं संचालित हैं, जबकि 64 योजनाओं का परीक्षण चल रहा है और 13 योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिले के 768 गांवों में से 741 में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है।

घरेलू नल कनेक्शन के तहत 2,17,903 परिवारों को कनेक्शन देने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 2,15,217 परिवारों को क्रियाशील नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसी तरह सड़कों के पुनर्स्थापन के 2343 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले 2342 किलोमीटर का कार्य पूरा कर लिया गया है।

जिलाधिकारी ने सड़क खुदाई के बाद शेष पुनर्स्थापन कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थर्ड पार्टी एजेंसी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करे। इसके साथ ही सभी पेयजल योजनाओं की जियो टैगिंग कराने और पूर्ण हो चुकी योजनाओं में जलार्पण की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से जल सारथी ऐप डाउनलोड करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से पेयजल योजनाओं की वास्तविक समय में स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, परियोजना निदेशक मनीष कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता राकेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…