औरैया में 23 नवंबर को लगेगा विज्ञान मॉडल मेला, विजेता को मिलेंगे पांच हजार रुपये

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी दिखाएंगे वैज्ञानिक प्रतिभा, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेगा नवाचार को मंच
औरैया, 19 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए 23 नवंबर को दिबियापुर में जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी विज्ञान आधारित मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को पांच हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा जिला विज्ञान क्लब औरैया की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम रविवार को सुबह 10 बजे सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर में शुरू होगा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर प्रयोग, तकनीक और नए विचारों के जरिए विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में पांच हजार, द्वितीय पुरस्कार तीन हजार, तृतीय पुरस्कार दो हजार और सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक हजार रुपये दिए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ ही समस्याओं के समाधान खोजने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं जिला विज्ञान क्लब अध्यक्ष बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं क्लब सचिव कमलेश पांडेय, जिला समन्वयक मोहित सिंह तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज दिबियापुर के प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित होगा।
जिला विज्ञान क्लब ने जनपद के सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने की अपील की है, जिससे विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचान मिल सके और उन्हें नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार