औरैया में 15वें वित्त आयोग से नगरीय निकायों में होंगे एक करोड़ के विकास कार्य

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
औरैया, 25 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगरीय निकायों में प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न नगरीय निकायों की ओर से प्रस्तुत विकास कार्यों के प्रस्तावों पर चर्चा के बाद समिति ने लगभग एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों को कराने की सहमति प्रदान की।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों का चयन किया जाए। साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क और प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
समिति ने विभिन्न नगरीय निकायों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण करने के बाद लगभग एक करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी देने पर सहमति जताई। डीएम ने निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्य शासन के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कराए जाएं। कार्यों को समय से पूरा कराने के साथ धनराशि का सदुपयोग भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों का सुनियोजित विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी निकाय आपसी समन्वय बनाकर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें और विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित निगरानी करें।
बैठक में नगरीय निकायों के अध्यक्षगण, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अमर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार