जनगणना 2027: डिजिटल स्व-गणना को लेकर दून विश्वविद्यालय में जागरूकता शिविर आयोजित

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
देहरादून, 26 नवंबर (हि.स.)। जनगणना-2027 के तहत डिजिटल स्व-गणना को प्रोत्साहित करने के लिए गुरुवार को दून विश्वविद्यालय में जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड की ओर से जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।
शिविर में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद करते हुए डिजिटल स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा तकनीक का उपयोग कर अपनी और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें।
दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय समुदाय से राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया और जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान निदेशालय के उप निदेशक आर.के. बनवारी और तकनीकी टीम ने ऑनलाइन पोर्टल पर स्व-गणना की चरणबद्ध प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया। इस दौरान कई विद्यार्थियों और शिक्षकों को मौके पर ही अपनी स्व-गणना पूरी करने में सहायता मिली।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय