Live VNS

महापौर ने परिवार सहित स्वगणना कर की जनगणना अभियान की शुरुआत

महापौर ने परिवार सहित स्वगणना कर की जनगणना अभियान की शुरुआत

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-स्वगणना से जनगणना प्रक्रिया होगी आसान और आंकड़े होंगे सटीक : महापौर

अयोध्या, 17 नवंबर (हि.स.)। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मंगलवार को स्वयं स्वगणना कर अयोध्या महानगर क्षेत्र में जनगणना अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने अपने परिवारजनों एवं सहयोगियों को स्वगणना के लिए प्रेरित करते हुए उनकी भी गणना कराई। इस मौके पर नगर निगम के जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद भी मौजूद रहे।

महापौर ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार बनेगी। भारत की जनगणना व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में स्वगणना अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं आगे आकर जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी और अपने परिवार की समस्त आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कराएं।

महापौर ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों के स्वगणना में भाग लेने से जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को सहूलियत मिलेगी और आंकड़ों का संकलन भी सही एवं व्यवस्थित ढंग से हो सकेगा। जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े सरकार को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर नियोजन और उनके लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में मददगार साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की भावी दिशा तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…