Live VNS

अयोध्या : देशी गाय के शुद्ध घी से महकेगा श्रीरामलला का भोग

अयोध्या : देशी गाय के शुद्ध घी से महकेगा श्रीरामलला का भोग

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-श्रीराम मन्दिर परिसर में बनेगा गोसदन, वैदिक मन्त्रों के साथ सम्पन्न हुआ गोपूजन

अयोध्या, 17 नवंबर (हि.स.)। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने श्रीराम मन्दिर परिसर में गोसदन स्थापित करने का निर्णय लिया है। परिसर में ‘श्री राम निवास’ के समीप इसके लिये स्थान चिह्नित कर निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया गया है। गोवंश की देखभाल के लिये वहाँ आवश्यक आधुनिक सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं।

केवल भारतीय नस्ल की देशी गायों का होगा पालन

गोसदन का आरम्भ आठ से दस देशी गायों के साथ होगा। यहाँ केवल भारतीय नस्ल की गायों का पालन और संवर्धन किया जायेगा। आवश्यकता के अनुसार आगे गोसदन का विस्तार किया जा सकेगा।

इस पहल से भारतीय गोवंश के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। श्रीरामलला की दैनिक सेवा में पूजन, अभिषेक और भोग-प्रसाद के लिये देशी गाय का शुद्ध दूध, दही और घी मन्दिर परिसर में ही उपलब्ध हो सकेगा। सनातन परम्परा के अनुरूप मन्दिर परिसर में गोमाता की मांगलिक उपस्थिति भी रहेगी।

यज्ञशाला में वैदिक विधि से हुआ गोपूजन

गोसदन की स्थापना के उपलक्ष्य में मंगलवार को दोपहर लगभग बारह बजे मन्दिर परिसर की यज्ञशाला में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। धार्मिक व्यवस्था प्रमुख आचार्य इन्द्रदेव मिश्र के मार्गदर्शन में वैदिक मन्त्रों के उच्चारण के साथ विधिपूर्वक प्रतीकात्मक गोपूजन सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर निर्मोही अखाड़ा के न्यासी स्वामी दिनेंद्र दास महाराज, न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेन्द्र मिश्र (सेवानिवृत्त), सचिव जगदीश आफले, अर्चक प्रमुख केशव शर्मा और धार्मिक व्यवस्था प्रमुख आचार्य इन्द्रदेव मिश्र उपस्थित रहे। पवन कंसल, तुषार गोयल, ब्रह्मा गोयल, मोहित पांडे, पुष्पदीप, आदर्श पाठक, प्रदीप पांडे और विशाल पांडे भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…