Live VNS

कारसेवकपुरम में मंगल भवन अमंगल हारी....”सम्पुट आलाप के साथ भक्ति रस में डूबे श्रोता

कारसेवकपुरम में मंगल भवन अमंगल हारी....”सम्पुट आलाप के साथ भक्ति रस में डूबे श्रोता

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

-हनुमान जी के छठी महोत्सव पर सरस सुन्दरकाण्ड आयोजित

अयोध्या, 13 नवंबर (हि.स.)। मंगल भवन अमंगल हारी, द्रवउ सो दसरथ अजिर बिहारी” के आलाप से प्रारंभ हुआ संगीतमय सरस सम्पूर्ण सुन्दरकाण्ड विश्राम लेने तक पूर्ण भक्ति भाव से सराबोर रहा। पाठ को स्वर दे रहे किशोरी शरण द्वारा बीच-बीच में की जा रही प्रेरक दोहों की व्यख्या श्रोताओं को और भी भावमय कर रही थी। अंत में हनुमान चालीसा और रामायण जी की आरती के साथ पाठ ने विश्राम लिया।

पवन पुत्र श्री हनुमान जी के छठी महोत्सव कार्तिक शुक्ल पक्ष चतुर्थी अवसर पर कारसेवकपुरम् परिसर स्थित भारत कल्याण प्रतिष्ठान का प्रथम तल सभागार पाठ प्रारंभ के साथ ही भक्ति रस से ओतप्रोत हो गया। पाठ में शामिल होने वाले भक्त कुछ तरह भक्त रस में डूबते जा रहे थे कि सभी ने पाठ विश्राम के साथ ही अपना स्थान छोड़ा।

प्रभु श्रीराम, माता जानकी व हनुमान जी के विग्रहों का किशोरी शरण जी महाराज व विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह “पंकज” ने पूजन किया। किष्किन्धाकाण्ड के 29वें दोहे “बलि बॉंधत प्रभु बाढ़उ सो तनु बरनि न जाइ। उभय घरी महॅं दीन्हीं सात प्रदच्छिन धाइ।।“ से प्रारंभ हुए पाठ की व्यख्या करते हुए किशोरी शरण महाराज ने कहा कि जब वामन रूप में अवतरित भगवान राज बलि को बांधने के लिए अपना विराट स्वरूप धारण कर रहे थे उस समय युवा हनुमान जी ने दो घड़ी में दौड़ कर उनकी सात परिक्रमा पूरी की थी। इस प्रसंग के माध्यम से जमवंत जी ने हनुमान जी की अपार क्षमताओ को याद दिलाया जिससे वे समुद्र लांघ कर लंका जाने का साहस कर सके।

इसी तरह “निज पद नयन दिए मन राम पद कमल लीन।” की व्याख्या करते हुए स्मरण कराया कि श्रीराम के दाहिने चरण में बने 24 शुभ चिन्ह माता जानकी के बाएं चरण में व माता जानकी के दाहिने चरण में बने चिन्ह श्रीराम के बाएं चरण में अंकित हैं। अशोक वाटिका में बैठकर वे अपने चरणों को देख कर लगातार प्रभु श्रीराम के चरणों में बने चिन्हों का स्मरण करतीं रहीं। पाठ केअंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

पाठ में मुख्य रूप से कार्यक्रम संरक्षक राजेंद्र सिंह “पंकज”, विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय, धनंजय पाठक, वीरेंद्र वर्मा, अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय निदेशक संजीब सिहं, पार्षद अंकित त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, मुकेश, उमेश पोरवाल, धर्मेश, बालचंद्र वर्मा, आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…