व्यापार मेले में आयुष पवेलियन बना आकर्षण का केंद्र, मुफ्त स्वास्थ्य परामर्श व योग सत्रों में उमड़ रही भीड़

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में आयुष पवेलियन लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां आने वाले लोगों को आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध, सोवा-रिग्पा और प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी जानकारी के साथ मुफ्त स्वास्थ्य परामर्श, योग सत्र और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर मिल रहा है। पवेलियन में पारंपरिक खानपान, औषधीय पौधों और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय के अनुसार केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (सीसीआरएएस) के तहत सीएआरआई की ओर से आयुर्वेद ओपीडी और प्रकृति परीक्षण की सुविधा दी जा रही है। यहां लोगों को बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेदिक स्वास्थ्य पद्धतियों की जानकारी भी दी जा रही है। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए) नई दिल्ली के स्टॉल पर अश्वगंधा, शतावरी, अर्जुन, आंवला, हल्दी और गुडूची जैसी आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली जड़ी-बूटियों और मसालों का प्रदर्शन किया गया है। इनके पारंपरिक उपयोग और स्वास्थ्य संवर्धन में भूमिका के बारे में बताया जा रहा है। साथ ही औषधीय पौधों के इस्तेमाल से पहले उचित मात्रा, व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति और विशेषज्ञ की सलाह लेने की जानकारी भी दी जा रही है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर की ओर से आयुष आहार उत्पादों में रागी कुकीज, त्रिफला जैम, एलोवेरा जेल और हर्बल लिप बाम प्रदर्शित किए गए हैं। यहां आहार और जीवनशैली पर आधारित आयुर्वेदिक सांप-सीढ़ी खेल तथा आभासी वास्तविकता (वर्चुअल रियलिटी) के माध्यम से मानव शरीर की विभिन्न प्रणालियों को समझने की सुविधा भी है। प्रकृति, पंचकर्म, आयुर्वेदिक भोजन और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की भूमिका पर सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री भी प्रदर्शित की जा रही है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ पारंपरिक खानपान को बढ़ावा देने के लिए पोषक कुकीज, आयुर्वेदिक ब्रेड और पारंपरिक पेय पानकम का प्रदर्शन कर रहा है। यहां 'दादी से पूछो' और 'मिलेट्स ऑन द व्हील' जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पारंपरिक खानपान, मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभ और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी जा रही है।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान की ओर से पवेलियन में नियमित रूप से योग प्रदर्शन और अभ्यास सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। लोगों की उम्र, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जीवनशैली के आधार पर व्यक्तिगत योग परामर्श भी दिया जा रहा है। योग प्रश्नोत्तरी और आसन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद के तहत नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान का स्टॉल पारंपरिक यूनानी खानपान और उपचार पद्धतियों की जानकारी दे रहा है। यहां यूनानी कहवा, हरीरा, हलवा ग़ीकावर, गुलकंद और मुरब्बा आंवला का स्वाद चखने का अवसर भी दिया जा रहा है। डिजिटल मिजाज आकलन कियोस्क के माध्यम से लोग अपने मिजाज का आकलन कर व्यक्तिगत खानपान संबंधी सलाह प्राप्त कर सकते हैं। स्टॉल पर यूनानी चिकित्सा से जुड़ी डिजिटल प्रस्तुतियां और वृत्तचित्र भी दिखाए जा रहे हैं। 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित यूनानी ओपीडी में 151 मरीजों को मुफ्त परामर्श और दवाएं दी गईं।
केंद्रीय सिद्ध अनुसंधान परिषद और चेन्नई स्थित राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान का स्टॉल सिद्ध चिकित्सा के सिद्धांतों, बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल और उपचार पद्धतियों की जानकारी दे रहा है। यहां सिद्ध आहार, पोषण, जीवनशैली में बदलाव, निदान पद्धतियों और पारंपरिक औषधियों के साथ वर्म चिकित्सा का प्रदर्शन किया गया है। डिजिटल प्रस्तुतियों, वृत्तचित्रों और सूचना सामग्री के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान के बीएसएमएस, एमडी (सिद्ध) और पीएचडी पाठ्यक्रमों तथा अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि विद्यार्थी इस क्षेत्र में शिक्षा और करियर के अवसरों को समझ सकें।
केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद योग और प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी डिजिटल दृश्य-श्रव्य सामग्री, सूचना सामग्री और आयुष आहार उत्पादों का प्रदर्शन कर रही है। यहां मखाना लड्डू, मूंगफली लड्डू, तिल लड्डू और नमकीन जैसे स्वास्थ्यवर्धक नाश्ते के विकल्प भी रखे गए हैं। 17 एवं 18 नवंबर को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, खानपान और जीवनशैली में बदलाव से संबंधित मुफ्त परामर्श दिया गया।
राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान के स्टॉल पर हिमालयी क्षेत्र की प्राचीन चिकित्सा परंपरा के बारे में जानकारी दी जा रही है। यहां सोवा-रिग्पा के आहार, उपचार संबंधी नियमों और हर्बल औषधियों को प्रदर्शित किया गया है। विशेषज्ञ पारंपरिक ग्रंथों के आधार पर लोगों को व्यक्तिगत सलाह भी दे रहे हैं।
राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड औषधीय पौधों के महत्व को रेखांकित करने के लिए जीवंत प्रदर्शनियां लगा रहा है। यहां शतावरी के औषधीय पौधे वितरित किए जा रहे हैं। क्यूआर कोड वाले पौधों के माध्यम से लोग उनके बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। औषधीय पौधों के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुस्तिकाएं, पर्चे और 'प्रोफेसर आयुष्मान' नामक कॉमिक पुस्तक भी वितरित की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर तक यहां भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। पवेलियन के हॉल नंबर-2 में मंत्रालय के विभिन्न संस्थान और अनुसंधान परिषदें अपनी गतिविधियों के माध्यम से पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से आम लोगों को रूबरू करा रही हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर