Live VNS

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को मिला राष्ट्रीय एनक्यूएएस प्रमाणन

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को मिला राष्ट्रीय एनक्यूएएस प्रमाणन

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मनेन्द्रगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले के विकासखंड भरतपुर (जनकपुर) अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस ) प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप जमथान स्वास्थ्य केंद्र को यह राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त हुई है।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस ) प्रमाणन स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, उपचार व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और संस्थागत प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों के मूल्यांकन के आधार पर दिया जाता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान ने निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी गुणवत्ता प्रमाणित की है।

इस प्रमाणन से जमथान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर एनक्यूएएस प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को मिला प्रमाणन इसी दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। उन्होंने इसका श्रेय स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के समर्पण, मेहनत और बेहतर समन्वय को दिया।

जिला एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य केंद्र की आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण और मरीजों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और नियमित गुणवत्ता सुधार गतिविधियों के परिणामस्वरूप केंद्र को यह उपलब्धि हासिल हुई है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

इस उपलब्धि में जिला एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सहायक नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्वास्थ्य विभाग ने इसे जिले में गुणवत्तापूर्ण ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…