Live VNS

आयुष्मान अस्पतालों के आईसीयू की होगी जांच, साचीज ने जारी की चेकलिस्ट

आयुष्मान अस्पतालों के आईसीयू की होगी जांच, साचीज ने जारी की चेकलिस्ट

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

लखनऊ, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश सरकार ने आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके तहत योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) की सुविधाओं की विशेष समीक्षा की जाएगी। स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) ने इसके लिए संबंधित ऑडिट एजेंसियों को विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है।

सभी एजेंसियों को 30 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस जांच में अस्पतालों के आईसीयू में उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ, ऑक्सीजन आपूर्ति, मरीजों की निगरानी व्यवस्था और संक्रमण नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मानकों का आकलन किया जाएगा।

केंद्र की नई गाइडलाइन बनेगी जांच का आधार

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर लगातार जोर दे रहे हैं। ऐसे में सीएम योगी के निर्देश पर साचीज ने योजना में सूचीबद्ध निजी अस्पतालों की आईसीयू सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए विशेष ऑडिट शुरू कराया है। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियों को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य का पत्र और आईसीयू से संबंधित विस्तृत चेकलिस्ट उपलब्ध कराई गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने इंटेंसिव केयर सेवाओं के संगठन और संचालन के लिए वर्ष 2026 की नई गाइडलाइन जारी की है। उत्तर प्रदेश में आयुष्मान अस्पतालों की समीक्षा के दौरान इन निर्धारित मानकों को भी ध्यान में रखा जाएगा, ताकि अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं के बीच अंतर का पता लगाया जा सके।

वेंटिलेटर से लेकर ब्लड बैंक तक की होगी पड़ताल

साचीज की ओर से जारी चेकलिस्ट के तहत ऑडिट एजेंसियां अस्पतालों में आईसीयू की वास्तविक क्षमता और उपलब्ध संसाधनों का आकलन करेंगी। इसमें प्रत्येक बेड के लिए निर्धारित स्थान, वेंटिलेटर, मल्टीपैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन आपूर्ति और सक्शन सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की जाएगी। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि अस्पताल में आवश्यक योग्यता वाले चिकित्सक और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध हैं या नहीं। गाइडलाइन में आईसीयू के लिए डॉक्टरों की उपलब्धता, मरीजों के अनुपात में नर्सिंग स्टाफ की तैनाती और 24 घंटे चिकित्सा सेवाओं को भी महत्वपूर्ण मानक बनाया गया है। इसके अलावा प्रयोगशाला, ब्लड बैंक, एंबुलेंस सेवा और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं का भी आकलन किया जाएगा। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि अस्पताल में जिस स्तर की आईसीयू सुविधा उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है, वहां उसी के अनुरूप संसाधन और प्रशिक्षित मानव संसाधन मौजूद हों।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…