मौसम की खराबी ने बिगाड़ा हवाई यातायात, वाराणसी एयरपोर्ट पर 22 उड़ानें लेट, चार निरस्त

वाराणसी। मौसम और परिचालन संबंधी कारणों से सोमवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित रहा। यहां आने और जाने वाली कुल 22 उड़ानें विलंबित रहीं, जबकि चार उड़ानें निरस्त करनी पड़ीं। उड़ानों के विलंब और निरस्तीकरण के चलते यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए अधिक किराया चुकाकर दूसरे विकल्प तलाशने पड़े।
एयरपोर्ट पर विलंबित उड़ानों में सबसे अधिक 14 उड़ानें इंडिगो की रहीं। इनमें बंगलुरु-वाराणसी-बंगलुरु की उड़ानें 16 मिनट, दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली की उड़ानें 54 मिनट, कोलकाता-वाराणसी-कोलकाता की उड़ानें 28 मिनट, पुणे-वाराणसी-पुणे की उड़ानें एक घंटे पांच मिनट और मुंबई-वाराणसी-मुंबई की उड़ानें 15 मिनट की देरी से संचालित हुईं। वहीं, भुवनेश्वर-वाराणसी-भुवनेश्वर की उड़ानें 45 मिनट विलंब से पहुंचीं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार उड़ानें भी निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं। इनमें मुंबई-वाराणसी-मुंबई रूट की उड़ानें 27 मिनट और 55 मिनट की देरी से आईं। इसके अलावा बुद्धा एयर की काठमांडू-वाराणसी-काठमांडू उड़ान 27 मिनट तथा एयर इंडिया की खजुराहो-वाराणसी-खजुराहो उड़ान 16 मिनट की देरी से पहुंची।
उड़ानों के लगातार विलंबित होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। वहीं, चार उड़ानों के निरस्त होने से यात्रियों की यात्रा योजना भी प्रभावित हुई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि उड़ानों की देरी की सूचना यात्रियों को मैसेज के माध्यम से दी गई थी।