बदरीनाथ में ईको पर्यटन शुल्क से यात्रा सीजन में 1.57 करोड़ की कमाई

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
गोपेश्वर, 24 नवम्बर (हि.स.)। बदरीनाथ धाम में ईको पर्यटन शुल्क नगर पंचायत के लिए आय का बड़ा स्रोत बनकर उभरा है। वर्ष 2022 से संचालित इस योजना के तहत नगर पंचायत ने इस यात्रा सीजन में 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये का राजस्व अर्जित किया है। शुल्क से प्राप्त धनराशि से धाम में सफाई, पथ प्रकाश, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विकास कार्यों और अन्य नागरिक सुविधाओं का संचालन किया जा रहा है। इस तरह ईको पर्यटन शुल्क से नगर पंचायत ने स्वावलंबन की व्यवस्था विकसित की है।
नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से वर्ष 2022 में जारी गजट अधिसूचना के बाद धाम में प्रवेश करने वाले वाहनों से ईको पर्यटन शुल्क वसूला जा रहा है। इसके तहत चारपहिया वाहन से 60 रुपये, टेंपो ट्रैवलर एवं मिनी बस से 100 रुपये, बस से 120 रुपये और हेलीकॉप्टर से एक हजार रुपये प्रति प्रवेश शुल्क निर्धारित है। इस मद से मिलने वाली आय का उपयोग पर्यटन विकास, सफाई व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, यात्रा काल में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और बैरियर संचालन पर किया जाता है। इसके अलावा तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए एंबुलेंस का संचालन भी किया जा रहा है।
यात्रा सीजन में वाहनों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच शुल्क भुगतान को सुगम बनाने के लिए नगर पंचायत ने वर्ष 2025 में देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था शुरू की थी। इससे वाहनों को शुल्क भुगतान में सहूलियत मिली है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस यात्रा सीजन में ईको पर्यटन शुल्क से कुल 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये की आय हुई है।
इसमें वाहनों से 1 करोड़ 25 लाख 58 हजार 490 रुपये और अन्य मदों से 31 लाख 46 हजार 440 रुपये की आय शामिल है। इस राजस्व से बदरीनाथ धाम में बुनियादी सुविधाओं को बनाए रखने और उनके विस्तार में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल