बड़वानी में घाट पर चलती बस के ब्रेक फेल, 50 से ज्यादा यात्री थे सवार, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बड़वानी, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में यात्रियों से भरी बस मंगलवार को हादसे का शिकार होते-होते बच गई। बोकराटा के आगे अंबापड़ावा के पास बारी फलिया घाट क्षेत्र में अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। इससे बस अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे मिट्टी वाले हिस्से में उतारकर रोक दिया। राहत की बात यह रही कि बस खाई में गिरने या पलटने से बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रेवा कृपा बस बड़वानी से खेतिया की ओर जा रही थी। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। बोकराटा के आगे बारी फलिया के पास घाट क्षेत्र में पहुंचते ही अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। घाट का रास्ता होने और बस में बड़ी संख्या में यात्रियों के सवार होने से स्थिति गंभीर हो गई। अचानक हुई घटना से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने वाहन पर नियंत्रण बनाए रखने का प्रयास किया और बस को सड़क किनारे मिट्टी वाले हिस्से में उतार दिया। कुछ दूरी तक चलने के बाद बस रुक गई। इससे बस खाई में गिरने और पलटने से बच गई।
हादसे में 15 से अधिक यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए खेतिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ को अपेक्षाकृत अधिक चोट लगी है। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को भी दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद की।
बस के ब्रेक फेल होने की सूचना मिलते ही खेतिया और पाटी पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और यातायात व्यवस्था संभाली। बस को हटाने की व्यवस्था भी की गई। पुलिस चालक और यात्रियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही बस में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाया जा रहा है। खेतिया थाना प्रभारी सुखलाल भंवर ने बताया कि बस के ब्रेक फेल होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। घटना में 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिली है। पुलिस चालक और यात्रियों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने उठाई बसों की फिटनेस जांच की मांग
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। हादसे के बाद ग्रामीणों ने घाट क्षेत्र में संचालित यात्री बसों की नियमित फिटनेस जांच कराने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि पहाड़ी और घाट वाले रास्तों पर चलने वाले वाहनों की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे