Live VNS

ईरान का बहरीन में अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों पर हमले का दावा

ईरान का बहरीन में अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों पर हमले का दावा

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

मनामा (बहरीन)/तेहरान (ईरान), 23 नवंबर (हि.स.)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बहरीन में अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों पर हमला और होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर एक 'प्रिडेटर' ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। बहरीन के गृह मंत्रालय ने 21 नवंबर को कहा कि ईरान के हमले में एक नागरिक औद्योगिक इकाई को निशाना बनाया गया। इससे वहां आग लग गई और दो लोग घायल हो गए। यह घटना संभावित खतरे की चेतावनी जारी किए जाने के एक घंटे बाद हुई।

अल जजीरा और खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार,आईआरजीसी का दावा है कि उसने बहरीन में अमेरिकी वायु रक्षा रडार प्रणालियों पर हमला किया और होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर एक 'प्रिडेटर' ड्रोन को मार गिराया। खबरों के अनुसार, 13 नवंबर से बहरीन को फिर से ईरान कीआक्रामकता का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे व्यापक संघर्ष के बीच बहरीन में एक हफ्ते से भी ज्यादा समय से हमले हो रहे हैं। हाल ही में हुए एक हमले के कारण एक नागरिक ठिकाने पर आग लग गई और बहरीन में दो लोग घायल हो गए।

ईरान का कहना है कि वह इस क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहा है, लेकिन बहरीन और अमेरिका ने इन दावों का खंडन किया है। बहरीन ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है। बहरीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार, 13 नवंबर को पहली बार बहरीन ने सिरिक में दो ड्रोन को रोका। मंत्रालय ने बताया कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने 13 नवंबर और उसके बाद 15 नवंबर को हुए हमलों की स्पष्ट रूप से जिम्मेदारी ली है।

आईआरजीसी का दावा है कि उसने बहरीन में अमेरिका के एक 'अर्ली वार्निंग रडार' (शुरुआती चेतावनी देने वाले रडार) को नष्ट कर दिया । वहीं, अमेरिकी सेंटकॉम ने अपने 'फैक्ट-चेक' बयान में सिरिक पर हुए किसी हमले का कोई जिक्र नहीं किया। सेंटकॉम ने आईआरजीसी के दावों को खारिज करते हुए कहा कि ईरान की ओर से बहरीन की तरफ भेजे गए दो 'वन-वे अटैक ड्रोन' (हमलावर ड्रोन) को अमेरिकी सेना ने मार गिराया। 15 नवंबर को जारी बहरीन के विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, बहरीन की वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस) ने ईरान के कई हवाई हमलों को रोका और उन्हें नष्ट कर दिया।

इस बीच, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने दावा किया कि छह ड्रोन ने बहरीन में अल रिफा हेलीकॉप्टर बेस पर स्थित अमेरिकी वायु रक्षा ठिकाने के रडार पर हमला किया। बहरीन ने इस दावे को खारिज कर दिया। बहरीन ने कहा कि किसी भी बहाने से देश की संप्रभुता के उल्लंघन को सही नहीं ठहराया जा सकता। 7 नवंबर को बहरीन के निवासियों को संभावित खतरे की चेतावनी जारी किए जाने के कुछ घंटों बाद बहरीन ने घोषणा की कि ईरान ने हमले किए थे।

आईआरजीसी ने कहा कि उसने बहरीन में शेख ईसा बेस पर स्थित एक अमेरिकी रडार साइट को निशाना बनाया। आईआरजीसी ने इस हमले को 16 नवंबर की रात ईरानी हवाई क्षेत्र में अमेरिकी ड्रोन के प्रवेश के जवाब में की गई कार्रवाई बताया। हालांकि, यूएस सेंट्रल कमांड ने इसे झूठा करार दिया। 18 नवंबर को ईरान ने बहरीन और कुवैत पर हमले किए। बहरीन ने कहा कि उसने इन हमलों को रोक दिया, जबकि कुवैत की सेना ने बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने दुश्मन के ड्रोन हमलों का मुकाबला किया।

बहरीन के गृह मंत्रालय ने 21 नवंबर को बताया कि ईरान के हालिया हमले में एक नागरिक औद्योगिक इकाई को निशाना बनाया गया। हमले दो लोग घायल हो गए। गृह मंत्रालय के अनुसार, घायलों में बहरीन का एक दिव्यांग नागरिक और एक पाकिस्तानी निवासी शामिल हैं। रविवार को गृह मंत्रालय ने पुष्टि की कि बहरीनी नागरिक की हालत स्थिर है, जबकि पाकिस्तानी नागरिक की हालत गंभीर बनी हुई है।

इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के उप कमांडर मेजर जनरल मुस्तफा इजदी ने कहा कि तेहरान के दुश्मन आर्थिक दबाव बढ़ाकर और जनता का भरोसा कम करके अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में दो तेल टैंकरों में आग लग गई है। नौसेना का कहना है कि ये टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक प्रतिबंधित क्षेत्र में दाखिल हो गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…