बकौर–भेजा पुल निर्माण में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश, गुणवत्ता पर जोर

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
सुपौल, 26 नवंबर (हि.स.)। भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन बकौर–भेजा पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं एवं बाधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, कार्यपालक अभियंता एवं निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। साथ ही, निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान भूमि सुधार उप समाहर्ता, सुपौल, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र