Live VNS

बाल हृदय योजना से रागिनी को मिला नया जीवन, अहमदाबाद में सफल हुई ओपन हार्ट सर्जरी

बाल हृदय योजना से रागिनी को मिला नया जीवन, अहमदाबाद में सफल हुई ओपन हार्ट सर्जरी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

किशनगंज, 17 नवंबर (हि.स.)। सरकारी स्वास्थ्य योजना ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक परिवार की बेटी को नया जीवन दिया है। कोचाधामन प्रखंड की जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित रागिनी कुमारी की अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल में सफल ओपन हार्ट सर्जरी की गई। 4 नवंबर को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में हुए ऑपरेशन के बाद रागिनी के चेहरे पर लौटी मुस्कान उसके परिवार के लिए नई उम्मीद बन गई है। रागिनी जन्म से ही जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित थी। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए ओपन हार्ट सर्जरी की सलाह दी थी। लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण माता-पिता के लिए इतने महंगे ऑपरेशन का खर्च उठाना संभव नहीं था। परिवार ने बेटी के इलाज की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी। इसी दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत स्वास्थ्य जांच में उसकी बीमारी की पहचान हुई। इसके बाद बाल हृदय योजना के माध्यम से उपचार की प्रक्रिया शुरू की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श और रेफरल की प्रक्रिया पूरी कर उसे अहमदाबाद भेजने की व्यवस्था की। सफल ऑपरेशन के बाद रागिनी के माता-पिता ने सरकार, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकारी सहायता नहीं मिलती तो बेटी का इतना महंगा ऑपरेशन कराना उनके लिए संभव नहीं था।जिलाधिकारी नवीन कुमार ने रागिनी की सफल सर्जरी पर प्रसन्नता जताते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे के उपचार में बाधा नहीं बनना चाहिए। जरूरतमंद परिवारों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि आरबीएसके के माध्यम से बच्चों में जन्मजात बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र बच्चा उपचार से वंचित नहीं रहे। रागिनी की सफल सर्जरी बाल हृदय योजना की सार्थकता और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की मानवीय पहल का उदाहरण है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…