कार्तिक पूर्णिमा : बलिया में पांच लाख श्रद्धालुओं ने लगायी आस्था की डुबकी

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलिया, 24 नवंबर (हि.स.)। महर्षि भृगु की धरा बलिया में कार्तिक पूर्णिमा पर पैराणिक काल से महास्नान की परंपरा लाखों श्रद्धालुओं ने निभाई। सोमवार की मध्यरात्रि महावीर घाट स्थित गंगा की रेती पर महा आरती के साथ ही लाखों लोगों ने आस्था की डुबकी लगानी शुरू कर दी।
कार्तिक पूर्णिमा पर्व के अवसर पर सबसे पहले महावीर घाट पर विधिवत पूजन-अर्चन एवं भव्य गंगा आरती की गई। जहां जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मां गंगा से जनपदवासियों की सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की। आरती के बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने गंगा में दीप दान किया। जिससे देखते ही देखते लाखों दीप गंगा में आकाश में सितारों की तरह टिमटिमाने लगे। सोमवार की मध्य रात्रि से शुरू हुआ स्नान मंगलवार सुबह होते होते आस्था के कुंभ में बदल गया। बलिया शहर से गंगा घाट तक श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। लोग माथे पर गठरी लेकर गंगा घाटों की तरफ चले जा रहे थे। पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा की व्यवस्था चाक चैबंद थी। एक अनुमान के मुताबिक सुबह नौ बजे तक पांच लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई थी। डीएम और एसपी रात्रि से सुबह तक गंगा के विभिन्न घाटों तक चक्रमण करते रहे। वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शिविर लगाए थे। जबकि लोग स्नान के बाद बाबा बालेश्वरनाथ और भृगु मन्दिर में पूजन-अर्चन कर रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी