खेती-मजदूरी के साथ किराना दुकान से बढ़ाई आमदनी, मुख्यमंत्री ने ‘पाती’ भेजकर अनिता का बढ़ाया हौसला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामनगर की अनिता ने खेती और मजदूरी के साथ किराना दुकान शुरू कर परिवार की आमदनी बढ़ाने की पहल की है। स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने स्वरोजगार का रास्ता अपनाया और अपनी मेहनत से दुकान को आगे बढ़ाया। उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘विष्णु की पाती’ के माध्यम से व्यक्तिगत पत्र भेजकर उन्हें राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में लिखा कि परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए नया काम शुरू करना हिम्मत और धैर्य का काम है। खेती और मजदूरी के जरिए अनिता पहले से ही परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान दे रही थीं। अब किराना दुकान शुरू होने से आमदनी का एक और जरिया जुड़ गया है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ गांव में उनकी पहचान एक उद्यमी के रूप में बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घर, खेती और दुकान की जिम्मेदारियों को एक साथ निभाने में काफी परिश्रम लगता है। अनिता ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि महिलाएं अवसर मिलने पर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने उनके श्रम और प्रयासों के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं के हुनर और परिश्रम को आगे बढ़ने का अवसर देना है। अनिता ने इस अवसर को अपने जीवन से जोड़ते हुए स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि उनकी दुकान अच्छी तरह चले, आमदनी में वृद्धि हो और आने वाला समय उनके परिवार के लिए सुख, संतोष और समृद्धि लेकर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय