कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आवेदकों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए उनका गंभीरता से परीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का पारदर्शी और प्रभावी तरीके से निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाए, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करें। पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों तक पहुंचाने पर भी ध्यान दिया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय