Live VNS

बलरामपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब की जिलास्तरीय प्रतियोगिता सम्पन्न, चार विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

बलरामपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब की जिलास्तरीय प्रतियोगिता सम्पन्न, चार विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर बलरामपुर जिले के स्कूलों और महाविद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के तहत निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का जिलास्तरीय अंतिम चरण 19 नवंबर को जिला ग्रंथालय, बलरामपुर में सम्पन्न हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में 2 से 20 नवंबर तक तीन चरणों में यह आयोजन किया गया।

निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व’ रखा गया था। वहीं प्रश्नोत्तरी में मतदाता सूची तैयार करने, ईवीएम-वीवीपैट के माध्यम से मतदान और मतगणना की प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए। पहले चरण में जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा महाविद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रत्येक संस्था से दो-दो विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया गया।

इसके बाद प्रतापपुर, रामानुजगंज और सामरी विधानसभा क्षेत्रों से निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए 10-10 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस तरह कुल 60 प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय अंतिम चरण में हिस्सा लिया। दोपहर 12 से 2 बजे तक चली प्रतियोगिता के निबंध वर्ग में शासकीय महाविद्यालय रनहत की मन्नु नेटी और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवन्तपुर की राहतनाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रामानुजगंज की शर्मिला सिंह और सेजेस वाड्रफनगर के अनुराग गुप्ता प्रथम रहे। द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…