विधानसभा सत्र के मद्देनजर बलरामपुर में 17 दिसंबर तक अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर रोक

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र को देखते हुए बलरामपुर जिले में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इस संबंध में आदेश जारी कर जिले में पदस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 17 दिसंबर तक मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र 14 से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। सत्र के दौरान आवश्यक प्रशासनिक कार्यों और विधानसभा से संबंधित जानकारियों को समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, अपरिहार्य परिस्थितियों में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी अपने कार्यालय प्रमुख की स्वीकृति से अवकाश ले सकेंगे। वहीं, जिला स्तरीय अधिकारियों को अवकाश के लिए कलेक्टर से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय