Live VNS

गणेश मोड़ और राधाकृष्ण नगर में निजी लैब व क्लीनिक का औचक निरीक्षण, कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश

गणेश मोड़ और राधाकृष्ण नगर में निजी लैब व क्लीनिक का औचक निरीक्षण, कमियां मिलने पर नोटिस जारी करने के निर्देश

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले में निजी स्वास्थ्य संस्थानों की सेवाओं और निर्धारित मानकों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह और सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. शशांक गुप्ता ने बलरामपुर विकासखंड के गणेश मोड़ और राधाकृष्ण नगर क्षेत्र में संचालित निजी लैब और क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक दस्तावेजों, साफ-सफाई की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जांच की। साथ ही यह भी देखा कि संस्थान निर्धारित नियमों और मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं। इस दौरान कुछ कमियां पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अमले को कमियों के संबंध में तत्काल नोटिस जारी करने के लिए भी कहा।

सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि जिले के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्धारित नियमों और मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रत्येक संस्थान की जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नागरिकों के हितों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निजी लैब और क्लीनिक का नियमित निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…