स्मार्ट पीडीएस पोर्टल से मीना टोप्पो को मिला अंत्योदय राशन कार्ड, जनपद पंचायत बलरामपुर का पहला मामला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के दूरस्थ गांवों तक डिजिटल सेवाओं का लाभ पहुंचने लगा है। जनपद पंचायत बलरामपुर की ग्राम पंचायत सरनाडीह के आश्रित ग्राम तुर्रीडीह की 90 प्रतिशत दिव्यांग मीना टोप्पो को स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से अंत्योदय राशन कार्ड जारी किया गया है। जनपद पंचायत बलरामपुर में इस पोर्टल के जरिए जारी होने वाला यह पहला अंत्योदय राशन कार्ड है। अब मीना को पात्रता के अनुसार हर महीने 35 किलोग्राम चावल मिलेगा।
गंभीर दिव्यांगता के कारण मीना टोप्पो के लिए सरकारी कार्यालयों तक बार-बार पहुंचना मुश्किल था। ऐसे में स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड बनने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। डिजिटल प्रक्रिया ने आवेदन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाया है। इससे उनके परिवार को नियमित खाद्य सुरक्षा का लाभ मिल सकेगा।
स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के जरिए नागरिक घर बैठे नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा परिवार के नए सदस्य का नाम जोड़ने, किसी सदस्य का नाम हटाने और राशन कार्ड में दर्ज जानकारी में सुधार की सुविधा भी उपलब्ध है। आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकती है।
राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने और गड़बड़ी रोकने के लिए ई-केवाईसी तथा ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद खाद्यान्न वितरण किया जाता है। जिला प्रशासन ने पात्र परिवारों से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय