Live VNS

जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव में नहीं जुटे दर्शक, प्रचार-प्रसार के अभाव पर उठे सवाल

जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव में नहीं जुटे दर्शक, प्रचार-प्रसार के अभाव पर उठे सवाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

बलरामपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिला मुख्यालय में बुधवार को आयोजित जिलास्तरीय जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव में दर्शकों की कम उपस्थिति और स्थानीय कलाकारों की अनभिज्ञता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लाखों रुपये के सांस्कृतिक आयोजनों के बीच स्थानीय लोक कलाकारों का कहना है कि उन्हें महोत्सव की जानकारी तक नहीं थी। ऐसे में जनजातीय संस्कृति और लोककला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम की जनभागीदारी और प्रचार-प्रसार पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय कलाकारों ने मामले की शिकायत प्रदेश के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री से करने की तैयारी की है।

महोत्सव का आयोजन सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के मुख्य आतिथ्य में किया गया था। इसमें विभिन्न दलों ने मांदर की थाप पर आकर्षक जनजातीय लोकनृत्य प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में राजपुर विकासखंड के ओकरा दल ने प्रथम स्थान हासिल कर 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। कुसमी विकासखंड के धनजी दल को दूसरा स्थान मिला, जिसके लिए 25 हजार रुपये दिए गए। वहीं, कुसमी के करचा दल ने तीसरा स्थान हासिल कर 15 हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया।

आयोजन में जनजातीय संस्कृति और लोककला को प्रोत्साहित करने की बात कही गई, लेकिन स्थानीय कलाकारों के अनुसार कार्यक्रम का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि महोत्सव की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाती तो बड़ी संख्या में लोक कलाकार, कला प्रेमी और आम नागरिक इसमें शामिल हो सकते थे। इसके बावजूद कार्यक्रम में आम दर्शकों की उपस्थिति काफी कम रही।

कार्यक्रम में अधिकारी और कुछ कर्मचारी मौजूद रहे, लेकिन आम नागरिकों और स्थानीय लोक कलाकारों की भागीदारी नजर नहीं आने से आयोजन की सार्थकता पर सवाल उठने लगे हैं। कलाकारों का कहना है कि जनजातीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों में उन्हीं समुदायों और कलाकारों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है, जिनकी कला और परंपराओं को मंच देने की बात कही जाती है।

स्थानीय कलाकारों ने आदिवासी विभाग की सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि विभागीय गतिविधियों और आयोजनों की जानकारी जमीनी स्तर तक नहीं पहुंच रही है। कलाकारों ने आयोजन की प्रक्रिया, प्रचार-प्रसार, प्रतिभागियों के चयन और कार्यक्रम में हुए खर्च की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाने की बात कही है। उनका कहना है कि जांच से यह स्पष्ट होना चाहिए कि आयोजन पर खर्च की गई राशि का वास्तविक लाभ कलाकारों और जनजातीय समाज तक कितना पहुंचा।

क्षेत्रीय लोक कलाकारों ने पूरे मामले की शिकायत प्रदेश के आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के मंत्री से करने की बात कही है। उनका कहना है कि जनजातीय कला और संस्कृति के संरक्षण के नाम पर होने वाले आयोजनों में स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कार्यक्रमों की सूचना समय पर गांवों और कलाकार समूहों तक पहुंचाने के साथ पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

अब सवाल यह है कि जिलास्तरीय जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव को व्यापक जनभागीदारी वाला बनाने के लिए आयोजन से पहले क्या प्रयास किए गए थे और क्या इसकी सूचना गांवों, पंचायतों तथा स्थानीय कलाकार समूहों तक पहुंचाई गई थी। इन सवालों पर संबंधित विभाग का पक्ष और मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…