बांग्लादेश में रातभर हिंसा, सांसद का घर, थाना, रेलवे स्टेशन, वाहन फूंके, पुलिस लॉकअप में बंद लोगों को छुड़ाया, कृषक दल नेता की हत्या

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
ढाका (बांग्लादेश), 18 नवंबर (हि.स.)। बांग्लादेश अवामी लीग (बीएएल) की नेता और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में स्वदेश वापसी करने की घोषणा से मची राजनीतिक हलचल के बीच देश में तेजी से अराजकता फैल रही है। देश के कई हिस्सों में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। भीड़ थानों तक में आग लगाने को आमादा है। नेताओं के घरों को फूंका जा रहा है। सरकारी वाहनों को पेट्रोल छिड़ककर कर आग के हवाले किया जाने लगा है। यही नहीं हिरासत में लिए गए लोगों को पुलिस लॉकअप से जबरिया छुड़ाया जा रहा है।
द डेली स्टार और ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, कई जगहों पर हिंसा हुई है। गोपालगंज में हालात सबसे ज्यादा खराब हो गए हैं। अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर, थाना और पुलिस की गाड़ियों को फूंक दिया है। हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा ले गए हैं। हिंसा में कृषक दल के एक नेता की जान चली गई है। तुंगीपाड़ा में रात को अशांति के बीच उपद्रवियों ने गोपालगंज-तुंगीपाड़ा सड़क पर, निलफा बाजार के पास कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। रात करीब 9:00 बजे चार गाड़ियों को जलाया गया। इनमें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की दो गाड़ियां भी शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, गोपालगंज के तुंगीपाड़ा उपजिला में सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सांसद एसएम जिलानी के घर और स्थानीय पुलिस स्टेशन में आग लगा दी गई। फरीदपुर के भांगा उपजिला में रात को अवामी लीग के समर्थन में निकाले गए एक जुलूस के दौरान हुई हिंसा में बीएनपी के कृषक दल के एक नेता की हत्या कर दी गई। तुंगीपाड़ा उपजिला के प्रशासनिक अधिकारी (निर्वाही अधिकारी) मोहम्मद दीदारुल आलम ने पुष्टि की कि पटगाती बाजार इलाके में जिलानी के घर में आग लगा दी गई है। यह घटना रात 8:30 बजे से 9:00 बजे के बीच हुई। इसके अलावा इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। इसमें लोगों को जय बांग्ला, जय बंगबंधु और जय हसीना के नारे लगाते देखा जा सकता है।
यह हमला तब हुआ, जब अवामी लीग और उससे जुड़े प्रतिबंधित संगठनों के कथित समर्थकों ने तुंगीपाड़ा थाने पर धावा बोल दिया। यह घटना पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद हुई। चश्मदीदों के अनुसार, मस्जिद के लाउडस्पीकर पर घोषणा होने के बाद पार्टी समर्थक थाने के बाहर इकट्ठा हो गए और परिसर को घेर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रदर्शनकारियों को अवामी लीग के समर्थन में नारे लगाते हुए देखा गया। पुलिस ने साउंड ग्रेनेड, आंसू गैस और रबर की गोलियों का इस्तेमाल करके भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। इससे स्थिति और खराब हो गई। दोनों पक्षों के बीच झड़पें शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हालात यह पैदा हो गए कि पुलिसकर्मी थाने से पीछे हट गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने थाने में आग लगा दी और पुलिस लॉकअप में बंद प्रतिबंधित छात्र लीग के समर्थकों को छुड़ा कर अपने साथ ले गए। आसपास के लोगों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने निलफा बाजार के पास गोपालगंज-तुंगीपारा सड़क को अवरुद्ध कर दिया, जिससे दमकल की गाड़ी थाने तक नहीं पहुंच सकी। तुंगीपारा फायर सर्विस के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण वे तुरंत पुलिस थाने नहीं पहुंच सके। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में लोगों को जॉय बांग्ला, जॉय बंगबंधु और जॉय हसीना के नारे लगाते हुए देखा जा सकता है।
चश्मदीदों के अनुसार, कृषक दल की भांगा उपजिला इकाई के संयुक्त सचिव 34 वर्षीय राजू मोल्ला की एक देसी बम विस्फोट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात लगभग 9:15 बजे ढाका-बारीसाल राजमार्ग पर हमिरदी बस स्टैंड से अवामी लीग समर्थकों का एक जुलूस निकला। जुलूस में शामिल लोगों ने बीएनपी के एक कार्यालय में भी तोड़फोड़ की। इसी दौरान, राजू के पास एक देसी बम फटा। उन्हें तत्काल भांगा उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भांगा उपजिला बीएनपी अध्यक्ष खांडेकर इकबाल हुसैन सलीम ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने राजू को अकेला पाकर उनकी हत्या कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मो. रेहान गफ़ूर ने कहा कि पुलिस अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं कर सकती। विपक्ष के नेता और जमात अमीर शफीकुर रहमान ने कल संसद में गोपालगंज की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता जताई। फेसबुक लाइव प्रसारण में एचएम रुबेल फराजी नाम के एक व्यक्ति को पुलिस स्टेशन में आग लगाने की धमकी देते हुए सुना गया। इस फुटेज की सच्चाई और पूरी परिस्थितियों की तुरंत स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस मुख्यालय की प्रवक्ता कमरम मुनीरा ने रात करीब 9:10 बजे पुष्टि की कि तुंगीपारा पुलिस स्टेशन पर हमला किया गया और उसमें आग लगा दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस को वाहनों में आग लगाए जाने की भी सूचना मिली है।
इससे पहले पुलिस मुख्यालय के डीआईजी (अपराध और संचालन) मोहम्मद अबू सुफियान ने कहा कि थाने को घेर लिए जाने की सूचना मिलने के बाद अधिकारी जानकारी जुटा रहे है। तुंगीपारा फायर सर्विस के कार्यवाहक स्टेशन अधिकारी एस्कंदर शेख ने बताया कि दमकलकर्मियों को पुलिस स्टेशन, चौरांगी चौराहे और बशबारिया के पास आग लगने की सूचना मिली। हालांकि, सुरक्षा कारणों से दमकलकर्मी प्रभावित जगहों तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मुहैया कराए जाने के बाद ही दमकलकर्मी वहां जा सकेंगे। अवामी लीग के समर्थकों ने गोपालगंज और तुंगीपारा को जोड़ने वाली सड़कों पर खलेक बाजार, पटगाती चौराहे, बर्नी और अन्य जगहों पर बैरिकेड लगा दिए हैं।
हिंसा के बाद अशांत क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजा गया है। जिले के डिप्टी कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक और तीन थाना प्रभारियों का तबादला कर दिया गया है। उधर, रात राजधानी ढाका में रामपुरा पुलिस बॉक्स के सामने रायदा परिवहन की एक बस में आग लगा दी गई। रामपुरा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी जहांगीर आलम ने पुष्टि की कि यह घटना रात करीब 11:15 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि उपद्रवियों ने नेट्रोकोना के बरहाट्टा उपजिला में स्थित बंद ओतिथपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पेट्रोल या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। मोहनगंज रेलवे स्टेशन के स्टेशन मैनेजर जहिरुल इस्लाम ने भी घटना की पुष्टि की और कहा कि इससे ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
रेलवे इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी और बरहाट्टा पुलिस से मिली जानकारी के हवाले से साफ हुआ कि उपद्रवियों ने फटी हुई बोरियों पर पेट्रोल डाला, प्लेटफॉर्म के फर्श और खंभों में आग लगाई। घटना का वीडियो बनाया और फिर वहां से भाग गए। इससे पहले, बरहाट्टा उपजिला के पाटली और नेट्रोकोना सदर उपजिला के चलिशा में भी रेलवे ट्रैक पर आग लगाने की घटनाएं हो चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद