Live VNS

बांग्लादेश में हालात खराब, सरकार ने विपक्ष से चर्चा शुरू की, ढाका और अशांत क्षेत्रों में बीजीबी ने मोर्चा संभाला

बांग्लादेश में हालात खराब, सरकार ने विपक्ष से चर्चा शुरू की, ढाका और अशांत क्षेत्रों में बीजीबी ने मोर्चा संभाला

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ढाका (बांग्लादेश), 23 नवंबर (हि.स.)। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में स्वदेश लौटने की घोषणा के बाद से देश में शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही। बम विस्फोट और आगजनी की घटनाओं से पूरा देश दहल उठा है। सरकार हिंसा के लिए हसीना की पार्टी अवामी लीग को दोषी ठहरा रही है। देश के बिगड़े हालात से परेशान प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने विपक्षी दलों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। आज उन्होंने नेशनल सिटीजन पार्टी (एनसीपी) से चर्चा की। सरकार ने अशांत क्षेत्रों में स्थिति पर नियंत्रण के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवानों को तैनात किया है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार देश के विभिन्न हिस्सों में बम विस्फोट, आगजनी और हिंसा की घटनाओं के बीच नेशनल सिटीजन पार्टी के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के अतिरिक्त प्रेस सचिव अतीकुर रहमान रुमोन ने बताया कि यह बैठक दोपहर करीब 1:20 बजे शुरू हुई और दो बजे कैबिनेट डिवीजन के कॉन्फ्रेंस रूम में समाप्त हुई। तारिक ने मौजूदा हालात पर एनसीपी के सदस्य सचिव अख्तर हुसैन, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनात अब्दुल्ला और संयुक्त संयोजक अकरम हुसैन से वार्ता की।

देश के विभिन्न हिस्सों में जारी हिंसा के कारण बनी मौजूदा राजनीतिक स्थिति के बीच हुई बैठक में प्रधानमंत्री के सलाहकार महदी अमीन और जातीय संसद के व्हिप मिया नूरुद्दीन अहमद अपु भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य दोपहर करीब 1:04 बजे एक काली माइक्रो बस से सचिवालय स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचे।

इस बीच सरकार ने राजधानी ढाका और अशांत क्षेत्रों में कानून व्यवस्था कायम करने के लिए बीजीबी की 98 प्लाटून तैनात की हैं। इस बल ने प्रमुख प्रतिष्ठानों, औद्योगिक क्षेत्रों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर मोर्चा संभाल लिया है। शेख हसीना के गृह जनपद गोपालगंज में बीजीबी की दो बटालियन को तैनात किया गया है। इसके अलावा ढाका, गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर, चटगांव और कॉक्स बाजार में भी बीजीबी के जवान तैनात किए गए हैं। गृह मंत्रालय ने बीजीबी को जिला प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने का आदेश दिया है। गृह मंत्रालय ने बीजीबी को ड्रोन, बॉडी-वर्न कैमरे और अन्य तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए हैं।

राजनीतिक तनाव और अस्थिरता के बीच देश के औद्योगिक क्षेत्रों में कर्मचारी अशांति ने सरकार के सामने अभूतपूर्व संकट खड़ा कर दिया है। ढाका के पास सावर के अशुलिया औद्योगिक क्षेत्र में आज कर्मचारियों ने सड़क जाम कर दी। बिगड़ते हालात के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 28 फैक्टरियों में छुट्टी घोषित करा दी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक बस में तोड़फोड़ करने और आसपास कारखानों पर हमला करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कुछ श्रमिकों को रिक्शों से खींचकर पीटा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…