Live VNS

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के करीबी पूर्व शिक्षामंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद को ढाका में पुलिस ने हिरासत में लिया

बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के करीबी पूर्व शिक्षामंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद को ढाका में पुलिस ने हिरासत में लिया

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

ढाका (बांग्लादेश), 19 नवंबर (हि.स.)। देश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की अगले माह दिसंबर में स्वदेश वापसी की घोषणा से राजनीतिक टकराव बढ़ता जा रहा है। हसीना के गृह जनपद गोपालगंज में हिंसा के शोले भड़कने के बाद आज तड़के राजधानी ढाका में उनके करीबी और पूर्व शिक्षामंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सिलहट-6 के पूर्व सांसद नाहिद अवामी लीग के वरिष्ठ नेता हैं। अवामी लीग पर सालभर से प्रतिबंध लगा हुआ है। इसकी नेता पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना हैं। बांग्लादेश की अदालत हसीना की गैर मौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुना चुकी है।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की सलाहकार परिषद के सदस्य नूरुल इस्लाम नाहिद को गुरुवार तड़के राजधानी के उत्तरा इलाके में एक घर से पुलिस हिरासत में लिया लिया। यह कार्रवाई 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के दौरान हुई हत्याओं के मामलों के सिलसिले में की गई है। पुलिस ने तड़के करीब 2:20 बजे सेक्टर 3 की रोड नंबर 2 पर स्थित एक घर पर छापा मारा। इस घर पर वह वो अपने परिवार के साथ रह रहे थे। यहीं से पुलिस 81 वर्षीय नेता नूरुल इस्लाम नाहिद को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई।

राजधानी ढाका के उत्तरा पश्चिम थाना प्रभारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने कहा कि नाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 'भेदभाव-विरोधी छात्र आंदोलन' के दौरान हुई हत्याओं के मामले में पूर्व मंत्री के खिलाफ कई केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है।

नाहिद सिलहट-6 निर्वाचन क्षेत्र (जिसमें बीनीबाजार और गोलापगंज शामिल हैं) से सांसद रह चुके हैं। 2008 के संसदीय चुनाव के बाद अवामी लीग के सरकार बनाने पर उन्हें शिक्षामंत्री बनाया गया। करीब एक दशक तो वह इस पद पर रहे। उन्होंने 2015 से 2017 तक यूनेस्को महासभा के 38वें सत्र के उपाध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। अगस्त 2024 में अवामी लीग सरकार के पतन के बाद से वे सार्वजनिक रूप से कम ही दिख रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…