Live VNS

ट्रेन की चपेट में आने से भालू की मौत, घुनघुटी क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा पर उठे सवाल

ट्रेन की चपेट में आने से भालू की मौत, घुनघुटी क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा पर उठे सवाल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

उमरिया, 23 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के सामान्य वन मंडल अंतर्गत घुनघुटी रेंज में ट्रेन की चपेट में आने से एक भालू की मौत हो गई। घटना मोर्चा फाटक और घुनघुटी रेलवे स्टेशन के बीच वन कक्ष क्रमांक पीएफ-307 की बताई जा रही है।

एसडीओ वन दिगेंद्र सिंह पटेल ने सोमवार को बताया कि ट्रेन की टक्कर से भालू की मौत हुई है। घटना की सूचना टाइगर रिजर्व के वन्यजीव चिकित्सक और वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। अधिकारियों के पहुंचने के बाद भालू का पोस्टमार्टम कराकर नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।

स्थानीय स्तर पर घटना को क्षेत्र में बढ़ती खनन गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जाता है कि घुनघुटी क्षेत्र में 14 निजी कोयला कंपनियों को खदानों का आवंटन किया गया है, जहां भारी मशीनों से काम शुरू हो चुका है। मशीनों के शोर से वन्यजीवों के विचरण और आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच ट्रेन की चपेट में आने से भालू की मौत हो गई।

क्षेत्र को टाइगर कॉरिडोर बताया जाता है। इसके बावजूद कोयला खदानों को मंजूरी दिए जाने से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और सुरक्षित आवागमन पर संकट गहराने का आरोप लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों के चलते घुनघुटी क्षेत्र वन्यजीवों के लिए असुरक्षित होता जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…