मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के लाभार्थियों को समय पर मिलें प्लॉट व आर्थिक लाभ

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
-सुशासन दिवस पर फरीदाबाद, रेवाड़ी, रोहतक और पानीपत सहित अन्य शहरों में तेज होगी आवास आंवटन प्रक्रिया
चंडीगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण आवास योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को प्लॉट एवं आवास उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। सुशासन दिवस के अवसर पर फरीदाबाद, रेवाड़ी, रोहतक और पानीपत सहित अन्य शहरों में पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध करवाने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को अपना घर उपलब्ध करवाना है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 और मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दे रहे थे। उन्होंने आवासों में 2 किलोवाट के सोलर पैनल की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है अथवा उपलब्ध भूमि उपयुक्त नहीं है, वहां वैकल्पिक भूमि की व्यवस्था शीघ्र की जाए। इसके साथ ही लंबित लेआउट प्लान और विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को बिना देरी आवास का लाभ मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के प्रथम चरण के विकास कार्य दिसंबर 2026 तक, दूसरे चरण के जून 2027 तक, तीसरे चरण के दिसंबर 2027 तक तथा चौथे चरण के विकास कार्य वर्ष 2028 में पूरे करने के निर्देश दिए। विकास एवं पंचायत विभाग ने बताया कि उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर दिए गए हैं तथा 437 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की मांग भेजी गई है। वित्त विभाग ने यह राशि शीघ्र जारी करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्रामीण आवास योजना के तीसरे चरण के लाभार्थियों को 25 दिसंबर को आवंटन पत्र वितरित किए जाएं। उन्होंने राज्य एवं जिला स्तरीय निगरानी समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने को भी कहा।
बैठक में अधिकारियों ने अवगत करवाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत अब तक 41,302 आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 35,295 आवास निर्माणाधीन हैं। योजना के तहत लाभार्थियों को कुल 725.08 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए सभी आवास निर्धारित समय सीमा में पूरे करवाने तथा लंबित किस्तें शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
शहरी आवास योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के प्रथम चरण में वर्ष 2024-25 के दौरान 14 शहरों में 15,256 प्लॉट आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शहरी आवास योजनाओं के तहत पात्रता की जांच पूरी सावधानी से की जाए और वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता देते हुए प्लॉट आवंटन एवं आवास उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत निर्माणाधीन 7,492 आवासों के कार्यों में तेजी लाकर जनवरी 2027 तक इन्हें पूरा करने के हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा