कर्नाटक को एआई और सेमीकंडक्टर विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने का लक्ष्य: डीके शिवकुमार

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
बेंगलुरु, 17 नवंबर (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्य को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डीप टेक और सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के अनुकूल नीतियां, अनुसंधान केंद्र, स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र और कुशल मानव संसाधन राज्य के विकास को गति दे रहे हैं।
शिवकुमार ने मंगलवार को बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी केंद्र में बेंगलुरु टेक्नोलॉजी समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि कर्नाटक में 24 हजार से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और 1,000 से ज्यादा वैश्विक क्षमता केंद्रों ने बेंगलुरु को अपना ठिकाना बनाया है। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में राज्य को 9.4 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश मिला, जो देश के कुल निवेश का 26.7 प्रतिशत है। पिछले वर्ष राज्य से सॉफ्टवेयर और सेवा क्षेत्र का निर्यात लगभग 173 अरब डॉलर रहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की ‘एलिवेट’ योजना के तहत 1,500 स्टार्टअप को करीब 41 मिलियन डॉलर की सहायता दी गई है। वर्ष 2026 में 33 डीप टेक स्टार्टअप को 30 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया गया। ‘इनोवर्स’ योजना के तहत अगले पांच वर्षों में 35 उद्यमों को सहायता दी जाएगी। स्टार्टअप के उत्पादों की खरीद के लिए 25 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिसके तहत सरकार स्वयं उनकी पहली ग्राहक बनेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग क्षेत्र के 50 प्रतिशत प्रतिभाशाली पेशेवर बेंगलुरु में हैं। राज्य में पहला कृत्रिम बुद्धिमत्ता विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। 300 करोड़ रुपये की ‘निपुण कर्नाटक’ योजना के तहत अब तक 33 हजार से अधिक लोगों को कौशल पुनः प्रशिक्षण दिया गया है। रायचूर में स्थापित होने वाले उत्कृष्टता केंद्र के माध्यम से उत्तर कर्नाटक के 13 जिलों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक का विस्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में 100 से अधिक चिप डिजाइन कंपनियां हैं। बेंगलुरु और मैसूरु में सेमीकंडक्टर अनुसंधान एवं विनिर्माण इकाइयों में वैश्विक कंपनियां 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण समूहों का विस्तार धारवाड़ और मैसूरु तक किया जा रहा है। इस वर्ष के शिखर सम्मेलन में 75 से अधिक देशों, 1,500 प्रदर्शकों, 500 से अधिक वक्ताओं और चर्चा में भाग लेने वालों तथा करीब 50 हजार उद्यमियों के शामिल होने की उम्मीद है। शिवकुमार ने कहा कि एक साथ आकर, विचार-विमर्श कर और मिलकर काम करके प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.