बेणेश्वर धाम में 23 को होगा भगवान बिरसा मुंडा जयंती का राज्य स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे शामिल

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
डूंगरपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत 23 नवंबर को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में प्रदेश के मंत्री और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया कि जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत प्रदेश के सभी जनजाति बहुल जिलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य राज्य स्तरीय समारोह के लिए बेणेश्वर धाम का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को संसद भवन और भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। देशभर में धरती आबा जनभागीदारी अभियान, स्वास्थ्य पोषण सेवा संगम और छात्रवृत्ति शिविरों के माध्यम से जनजातीय समाज को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सांसद रावत ने कहा कि जनजातीय समाज देश की आत्मा है और उसके सम्मान, सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए केंद्र सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन से 15 नवंबर को अपने गांव, मंडल और जिले में भगवान बिरसा मुंडा सहित क्षेत्र के जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष