Live VNS

मोहन भागवत ने शाहनवाज हुसैन के आवास पहुंचकर बेटे-बहू को दिया आशीर्वाद

मोहन भागवत ने शाहनवाज हुसैन के आवास पहुंचकर बेटे-बहू को दिया आशीर्वाद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·

नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के दिल्ली स्थित आवास पहुंचे और उनके बेटे अरबाज हुसैन और पुत्रवधू अफशां को आशीर्वाद दिया।

शाहनवाज हुसैन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक श्रद्धेय मोहन भागवत जी हमारे दिल्ली स्थित आवास पर पुत्र अरबाज एवं पुत्रवधू अफशां को आशीर्वाद देने पधारे।”

उन्होंने कहा कि डॉ. भागवत का स्नेह और आशीर्वाद उनके पूरे परिवार के लिए अमूल्य है। शाहनवाज हुसैन ने अपने परिवार की ओर से भागवत का हृदय से आभार भी व्यक्त किया।

शाहनवाज हुसैन की ओर से साझा की गई चार तस्वीरों में मोहन भागवत परिवार के सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में वह नवदंपति को फूलों का गुलदस्ता और उपहार देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि शाहनवाज हुसैन के बेटे अरबाज का विवाह अक्टूबर में अफशां अकरम खान के साथ हुआ था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Live VNSबनारस की बात, बनारस के साथ

Live VNS खुल रहा है, कृपया प्रतीक्षा करें…