कोरबा में भाजपा ने मनाया संविधान गौरव दिवस, बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के योगदान को किया याद

स्रोत: हिन्दुस्थान समाचार ·
कोरबा, 26 नवंबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा संविधान गौरव दिवस के अवसर पर टीपी नगर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया और महापौर संजूदेवी राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय ने मुख्य वक्ता के रूप में संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया और उसके महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। संविधान निर्माण में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में समानता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना समाहित है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह संविधान का सम्मान करे और उसमें निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अखिलेश पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा सहित सामाजिक और आर्थिक अधिकार प्रदान करता है। इसमें केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारों एवं दायित्वों का स्पष्ट उल्लेख है। उन्होंने संविधान को नागरिक अधिकारों की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमारा अभिमान, सम्मान और गौरव है। इसके मूल्यों एवं आदर्शों का पालन कर ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह सहित भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी